सैटेलाइट तस्वीरों में दिखा बादलों का विशाल घेरा, यूपी-बिहार समेत 15 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 8 डिग्री तक गिरेगा पारा
मई के आखिरी दिनों में झुलसा देने वाली गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश समेत 15 राज्यों में अगले तीन दिनों तक आंधी, बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण देश के बड़े हिस्से में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसका असर यह होगा कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
सैटेलाइट तस्वीरों में दिखा मौसम का बड़ा बदलाव
शुक्रवार सुबह INSAT-3DS सैटेलाइट से मिली तस्वीरों में उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के ऊपर घने बादलों का विशाल समूह दिखाई दिया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह व्यापक स्तर पर आंधी, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियों का संकेत है। मौसम विभाग के मुताबिक हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ लगातार मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके साथ राजस्थान और आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण तथा बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी ने वातावरण में अस्थिरता बढ़ा दी है। यही वजह है कि कई राज्यों में अचानक मौसम बदल रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में तीन दिन तक राहत
गुरुवार शाम दिल्ली और एनसीआर में हुई तेज बारिश और धूल भरी आंधी ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 मई तक दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो इस सप्ताह की शुरुआत में दर्ज हुए तापमान से काफी कम है।
स्काईमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के मुताबिक राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में शुरू हुई आंधी-बारिश की गतिविधियां दिल्ली तक पहुंच चुकी हैं। शुक्रवार को इनकी तीव्रता और बढ़ सकती है। यह सिस्टम 30 मई तक सक्रिय रहेगा और इसके बाद गुजरात की ओर बढ़ सकता है।
यूपी में 100 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
उत्तर प्रदेश में मौसम ने गुरुवार से ही करवट लेनी शुरू कर दी है। गाजियाबाद, मथुरा, कासगंज, संभल, फर्रुखाबाद, मेरठ समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। शाहजहांपुर में धूल भरी आंधी चली, जबकि झांसी और बदायूं में ओलावृष्टि हुई। देर रात लखनऊ, कानपुर, मुरादाबाद और बरेली में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। प्रदेश में 31 मई तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। गुरुवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी
बिहार में भी मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। पटना के अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया में 29 और 30 मई को भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
राजस्थान में आंधी-बारिश का नया दौर
राजस्थान में 29 से 31 मई तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश की वजह से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन राज्यों में भी मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की भी संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।
गर्मी से राहत, लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ खतरा
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और बादलों की वजह से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में हीटवेव की स्थिति कमजोर पड़ेगी। हालांकि राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है। फिलहाल अगले तीन दिन देश के बड़े हिस्से में मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है, लेकिन तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।