ICAR Admission 2026: कृषि में करियर बनाने का बड़ा मौका, जानिए जुलाई की किस तारीख को होगी प्रवेश परीक्षा
कृषि और एग्रीकल्चर रिसर्च के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च (ICAR) ने PG (AIEEA) और PhD (AICE-JRF/SRF) प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन परीक्षाओं के जरिए देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों और रिसर्च संस्थानों में दाखिला मिलेगा। मेरिट में आने वाले छात्रों को स्कॉलरशिप और रिसर्च फेलोशिप का लाभ भी दिया जाएगा।
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अनुसार उम्मीदवार 7 जून 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 7 जून ही तय की गई है। वहीं एप्लिकेशन करेक्शन विंडो 9 और 10 जून को खुलेगी। परीक्षा 4 जुलाई 2026 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी।
किन कोर्सों में मिलेगा एडमिशन?
ICAR AIEEA PG परीक्षा के माध्यम से कृषि, बागवानी, पशुपालन, डेयरी, फिशरीज, फॉरेस्ट्री और अन्य संबद्ध विषयों में मास्टर्स कोर्स में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं AICE-JRF/SRF परीक्षा के जरिए PhD कार्यक्रमों में दाखिला और रिसर्च फेलोशिप मिलेगी।
परीक्षा पैटर्न क्या रहेगा?
PG और PhD दोनों परीक्षाएं ऑनलाइन CBT मोड में होंगी। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी और इसमें 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। प्रश्नपत्र केवल अंग्रेजी भाषा में होगा।
स्कॉलरशिप और फेलोशिप का लाभ
ICAR PG में चयनित छात्रों को लगभग ₹12,640 प्रति माह तक स्कॉलरशिप और रिसर्च के लिए अतिरिक्त अनुदान दिया जाता है। वहीं PhD करने वाले छात्रों को JRF/SRF फेलोशिप का लाभ मिलता है, जिससे रिसर्च के दौरान आर्थिक सहायता मिलती है।
आवेदन करते समय इन बातों का रखें ध्यान
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। उम्मीदवारों को आधार आधारित सत्यापन करना होगा और आवेदन के दौरान लाइव फोटो अपलोड करनी होगी। NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन भरने से पहले सूचना पुस्तिका ध्यान से पढ़ लें और सभी जानकारी सही दर्ज करें, क्योंकि बाद में बदलाव सीमित समय के लिए ही संभव होगा।
देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों में मिलेगा मौका
ICAR की यह परीक्षा देश के प्रमुख कृषि विश्वविद्यालयों और ICAR से संबद्ध संस्थानों में दाखिले का सबसे बड़ा माध्यम मानी जाती है। इसके जरिए हजारों छात्र हर साल कृषि विज्ञान और रिसर्च के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाते हैं