IMD Alert: अगले कुछ दिन देश के कई राज्यों में तेज हवाएं, बारिश और भीषण गर्मी, जानिए किस तारीख को रहेगा कैसा मौसम
देशभर में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ रहने वाला है। उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 15 से 21 मई के बीच अलग-अलग राज्यों में मौसम से जुड़ी कई चेतावनियाँ जारी की गई हैं। लोगों को गर्मी और खराब मौसम दोनों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, यूपी में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट
पाकिस्तान और उससे सटे उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और भयंकर आंधी-तूफान सिस्टम का असर अब उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार इस सिस्टम के कारण राज्य के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल सकता है। खासकर कानपुर मंडल, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज धूल भरी आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस यन सुनील पांडेय ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है। तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और अचानक मौसम बदलने की आशंका भी जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों के अलावा कानपुर, झांसी, बांदा, हमीरपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी, तेज़ हवाओं का भी असर
16 मई का मौसम- दिल्ली में 16 मई को आसमान ज्यादातर साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चलेंगी जिनकी रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
17 मई का मौसम- तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। दोपहर और शाम के समय गरज के साथ बादल बनने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी जिनकी रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और झोंकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
18 मई का मौसम- दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि तेज गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
कई राज्यों में लू और हीटवेव का अलर्ट
16 से 20 मई में लू कहाँ- मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 से 20 मई के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है। पश्चिमी राजस्थान में 17 से 19 मई के दौरान गंभीर हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है।
इसके अलावा पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र, कच्छ और कोंकण-गोवा के कई इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक तेज गर्मी और लू का असर बना रह सकता है।
बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों में आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी
15 से 18 मई तेज हवाओं का अलर्ट- इस दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और तूफान आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 15 मई को ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश
18 मई तक भारी बारिश का अलर्ट- पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में 15 से 21 मई के बीच कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 15 से 18 मई के बीच तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी लगातार बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग की लोगों को सलाह
विशेषज्ञों के अनुसार देशभर में मौसम की यह स्थिति प्री-मानसून गतिविधियों के कारण बन रही है। लोगों को तेज धूप और लू से बचने के लिए दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। वहीं आंधी-तूफान और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली के खंभों व पेड़ों से दूर रहने की अपील की गई है।