India Flood Update: बारिश बनी आफ़त, नदियाँ उफ़ान पर, उत्तर से दक्षिण तक बाढ़ और भूस्खलन ने बढ़ाई मुश्किलें

Umang | Aug 06, 2026, 12:54 IST
देशभर में भारी बारिश से कई राज्यों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उत्तर प्रदेश में गंगा, घाघरा और सरयू नदियाँ खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। उत्तराखंड, हिमाचल, दिल्ली और पंजाब में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। केरल, ओडिशा और गुजरात में बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और राहत शिविरों में रह रहे हैं।
बाढ़ की चपेट में कई राज्य

देशभर में मानसून अब राहत से ज़्यादा मुसीबत बनता जा रहा है। लगातार हो रही भारी बारिश ने उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, गुजरात, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में तेज़ बारिश, जलभराव, बाढ़, भूस्खलन और नदियों के उफ़ान से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।



मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मानसूनी गतिविधियाँ तेज़ बनी रहेंगी। कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज़ बारिश, आकाशीय बिजली और तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है। सबसे अधिक चिंता उन इलाक़ों को लेकर है, जहाँ पहले से बाढ़ का पानी भरा हुआ है या नदियाँ चेतावनी और ख़तरे के निशान के आसपास बह रही हैं। लगातार बारिश से राहत एवं बचाव कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं और कई जगहों पर स्कूल बंद करने पड़े हैं।



उत्तर भारत में नदियाँ उफ़ान पर, उत्तर प्रदेश सबसे ज़्यादा प्रभावित


उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण गंगा, घाघरा, शारदा और सरयू नदियों का जलस्तर तेज़ी से बढ़ रहा है। फर्रुखाबाद में गंगा का पानी कई गाँवों और सरकारी स्कूलों तक पहुँच गया है। कई संपर्क मार्ग जलमग्न हैं और खेतों में नाव चलानी पड़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बलिया में एक सप्ताह के भीतर सरयू नदी के कटान से 20 से अधिक मकान नदी में समा चुके हैं। वाराणसी में गंगा का पानी 40 से 50 छोटे मंदिरों तक पहुँच गया है। राहच उत्तर प्रदेश के अनुसार, गंगा नदी बदायूं एवं फर्रुखाबाद, शारदा नदी लखीमपुर खीरी तथा घाघरा नदी बाराबंकी, अयोध्या एवं बलिया में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।



सीतापुर में बैराजों से 3.26 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद लगभग 130 गाँवों पर बाढ़ और कटान का ख़तरा मंडरा रहा है। बहराइच में एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी ख़तरे के निशान के बेहद क़रीब पहुँच गई है। लखीमपुर खीरी में बनबसा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद शारदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कन्नौज, उन्नाव और कानपुर में भी गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर के क़रीब पहुँच गया है। मीर्जापुर और सोनभद्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई स्थानों पर लोग झुलस गए। प्रयागराज, आगरा और संभल में भी लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा।



उत्तराखंड, हिमाचल, दिल्ली और पंजाब में भारी बारिश का असर

उत्तराखंड में देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर में लगातार बारिश के कारण कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग में तिलवाड़ा के पास मलबा आने से केदारनाथ हाईवे प्रभावित हुआ, जबकि हेलंग के पास भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भी मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 5 और 6 अगस्त के दौरान इन क्षेत्रों में झमाझम बारिश की संभावना जताई है, जिससे निचले इलाक़ों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।



केरल, ओडिशा और गुजरात में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित

केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते आठ ज़िलों पथानामथिट्टा, इडुक्की, कोट्टायम, एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन ज़िलों में 24 घंटों के दौरान 204 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मलप्पुरम, पलक्कड़, त्रिशूर और अलाप्पुझा में ऑरेंज अलर्ट लागू है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्य में एक अगस्त से लगातार हो रही बारिश से जुड़ी घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो चुकी है, चार लोग लापता हैं और कई लोग घायल हुए हैं। 500 से अधिक घरों को आंशिक नुकसान पहुँचा है। हज़ारों लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं और रेल सेवाएँ भी प्रभावित हुई हैं।



ओडिशा के जाजपुर, भद्रक और जगतसिंहपुर ज़िलों में कई गाँव अब भी बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। राज्य में एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात के कई इलाक़ों में भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।



पूर्वोत्तर और बिहार में बढ़ी चिंता

असम और अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कई निचले इलाक़े जलमग्न हैं। मेघालय के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज़ बारिश जारी रहने की संभावना है। बिहार में कोसी और बागमती नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बताया है कि दोनों नदियों के जलस्तर में अभी और वृद्धि के संकेत हैं। सभी तटबंधों और बाँधों की निगरानी दिन-रात की जा रही है। झारखंड में भी 8 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान है, जबकि छत्तीसगढ़ में 10 अगस्त तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।



मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

भारत मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, केरल, माहे, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप और उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने, प्रशासन की सलाह का पालन करने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर लगातार नज़र रखने की अपील की है।

Tags:
  • Monsoon
  • Heavy Rainfall
  • IMD Alert
  • Flood Alert
  • Uttar Pradesh Flood
  • Kerala Rain
  • Assam Flood
  • Bihar Flood
  • Weather Update
  • India Monsoon