सपा-बसपा गठबंधन का समर्थन करे कांग्रेस: अखिलेश यादव

गाँव कनेक्शन | Jan 28, 2019, 14:09 IST
Share
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन का समर्थन करना चाहिए।
#Congress should support SP-BSP Alliance
सपा-बसपा गठबंधन का समर्थन करे कांग्रेस: अखिलेश यादव
लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि अगर कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ लड़ना चाहती है तो उसे उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन का समर्थन करना चाहिए। अखिलेश यादव ने समाचार एजेंसी भाषा से बातचीत में प्रियंका गांधी वाड्रा के सक्रिय राजनीति में आने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रियंका जी को राजनीति में लाने का फैसला बहुत अच्छा है। नया भारत बनाने के लिये युवाओं को राजनीति में आना चाहिये। यह कांग्रेस के लिए भी बहुत ही फायदेमंद होगा।

वहीं उत्तर प्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस भाजपा से लड़ने की बात कहती है तो उसे यूपी में बने सपा-बसपा गठबंधन का सहयोग करना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि हमने कांग्रेस के लिये अमेठी और रायबरेली की सीट पहले से ही छोड़ दी हैं।

प्रयागराज में कैबिनेट की बैठक आयोजित किये जाने के योगी आदत्यिनाथ सरकार के निर्णय पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा को कुम्भ और कन्नौज के बीच रिश्ते को याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कन्नौज राजा हर्षवर्धन की राजधानी हुआ करती थी। राजा ने ही कुम्भ में 'दान' का रिवाज शुरू किया था। वह कुम्भ आकर दान करते थे। अगर भाजपा सरकार प्रदेश के विकास के प्रति गम्भीर है तो वह बताये कि उसने उनकी सरकार की योजनाओं का उद्घाटन करने के अलावा और क्या काम किया है।

अयोध्या विवाद को मात्र 24 घंटों में सुलझा देने के मुख्यमंत्री योगी आदत्यिनाथ के दावे के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा कि योगी पहले किसानों को अगले 90 दिनों में सांड से बचा लें, जो फसल चौपट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री ने यह बयान गणतंत्र दिवस समारोह में दिया है। इससे आप समझ सकते हैं कि वह किस किस्म के मुख्यमंत्री हैं।

Tags:
  • Congress should support SP-BSP Alliance
  • SP-BSP Alliance
  • Uttar Pradesh
  • Samajwadi party
  • SP chief Akhilesh Yadav
  • loksabha election 2019