Tractors Price Hike: महिंद्रा और स्वराज ने बढ़ाई अपने ट्रैक्टर्स की कीमतें, बताईं ये वजह, इन तारीखों से प्रभावी होंगे नए रेट
बढ़ती लागत के दबाव के चलते ट्रैक्टर कंपनियों ने कीमतें बढ़ानी शुरू कर दी हैं। Mahindra Tractors (महिंद्रा ट्रैक्टर्स) और Swaraj Tractors (स्वराज ट्रैक्टर्स) ने अपने घरेलू ट्रैक्टरों के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है। महिंद्रा ट्रैक्टर्स की नई कीमतें 8 अप्रैल 2026 से लागू होंगी, जबकि स्वराज ट्रैक्टर्स की कीमतें 21 अप्रैल 2026 से बढ़ेंगी। कंपनियों ने बताया कि बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल और राज्यों के हिसाब से अलग-अलग होगी।
क्यों लिया गया ये फैसला
कंपनियों के अनुसार, इस फैसले के पीछे मुख्य कारण इनपुट कमोडिटी की लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी है। खासतौर पर स्टील और अन्य कच्चे माल की कीमतों में हालिया उतार-चढ़ाव ने उत्पादन लागत पर दबाव बढ़ा दिया है। ऐसे में लागत संतुलन बनाए रखने के लिए कंपनियों को अपने उत्पादों की कीमतों में संशोधन करना पड़ा है। साथ ही, अलग-अलग क्षेत्रों में लागत संरचना और बाजार की स्थिति को देखते हुए मूल्य निर्धारण में भिन्नता रखी गई है।
कंपनियों की प्रोफाइल
महिंद्रा ट्रैक्टर्स लंबे समय से भारतीय ट्रैक्टर बाजार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। कंपनी का व्यापक प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और मजबूत ग्रामीण वितरण नेटवर्क उसे प्रतिस्पर्धा में बढ़त दिलाता है। लागत दबाव के बावजूद कंपनी को भरोसा है कि वह अपनी बाजार स्थिति को बनाए रखेगी और ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करती रहेगी। महिंद्रा ग्रुप जिसकी स्थापना 1945 में हुई थी, आज 100 से अधिक देशों में 3.24 लाख से ज्यादा कर्मचारियों के साथ एक प्रमुख वैश्विक समूह है। यह फार्म इक्विपमेंट, यूटिलिटी व्हीकल्स, आईटी और फाइनेंशियल सर्विसेज समेत कई क्षेत्रों में अग्रणी है और वॉल्यूम के आधार पर दुनिया की सबसे बड़ी ट्रैक्टर निर्माता कंपनी के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है।
स्वराज ट्रैक्टर्स, जो महिंद्रा ग्रुप का ही हिस्सा है। 1974 में स्थापित यह कंपनी पंजाब से संचालित होती है और “किसानों द्वारा, किसानों के लिए” की सोच पर आधारित है। इसके कई कर्मचारी खेती से जुड़े होने के कारण उत्पादों में व्यावहारिक अनुभव झलकता है। कंपनी 15 HP से 65 HP तक के ट्रैक्टर, फार्म मशीनरी और हार्वेस्टर्स बनाती है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने मार्च में कितने ट्रैक्टर बेचे
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने मार्च 2026 में शानदार बिक्री प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी के ट्रैक्टर कारोबार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली, जबकि ऑटो सेगमेंट में भी मजबूत ग्रोथ बनी रही। कंपनी के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस (FEB) में घरेलू ट्रैक्टर बिक्री मार्च 2026 में सालाना आधार पर 33% बढ़कर 43,403 यूनिट्स हो गई। वहीं, कुल ट्रैक्टर बिक्री (निर्यात सहित) 45,035 यूनिट्स रही। हालांकि, निर्यात घटकर 1,632 यूनिट्स पर आ गया। पूरे वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो कंपनी ने अब तक की सबसे ज्यादा घरेलू ट्रैक्टर बिक्री 5,05,930 यूनिट्स दर्ज की, जो पिछले साल के मुकाबले 24% अधिक है। कुल ट्रैक्टर बिक्री 5,26,403 यूनिट्स रही, जिसमें भी 24% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।