महिंद्रा ट्रैक्टर की बिक्री में मई में दिखी 23% बढ़त, जानें कितने यूनिट बिके, बिक्री बढ़ने के पीछे क्या हैं कारण?
कृषि क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों और किसानों की मजबूत मांग का असर अब ट्रैक्टर बाजार में भी साफ दिखाई देने लगा है। देश की प्रमुख ट्रैक्टर निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने मई 2026 में घरेलू बाजार में ट्रैक्टर बिक्री में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी का कहना है कि रबी फसलों की समय पर कटाई, किसानों की बेहतर आय और कृषि क्षेत्र में सकारात्मक माहौल के कारण ट्रैक्टरों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली। आइये जानते हैं कि कंपनी ने मई 2026 में कितने ट्रैक्टर बेचे?
कितने ट्रैक्टर बिके?
महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस ने मई 2026 में घरेलू बाजार में 47,845 ट्रैक्टरों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष मई के मुकाबले 23 प्रतिशत अधिक है। मई 2025 में कंपनी ने 38,914 ट्रैक्टर बेचे थे। घरेलू और निर्यात बाजार को मिलाकर कंपनी की कुल ट्रैक्टर बिक्री मई 2026 में 49,695 यूनिट रही। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 40,643 यूनिट था।
| Category | May 2026 | May 2025 | % Change | Cumulative May 2026 | Cumulative May 2025 | % Change |
|---|---|---|---|---|---|---|
| Domestic Sales | 47,845 | 38,914 | 23% | 94,249 | 77,430 | 22% |
| Exports | 1,850 | 1,729 | 7% | 3,857 | 3,267 | 18% |
| Total Sales | 49,695 | 40,643 | 22% | 98,106 | 80,697 | 22% |
निर्यात बाजार में भी बढ़ी मांग
कंपनी ने मई 2026 के दौरान 1,850 ट्रैक्टरों का निर्यात किया, जो पिछले साल की तुलना में 7 प्रतिशत अधिक है। इससे संकेत मिलता है कि विदेशी बाजारों में भी भारतीय ट्रैक्टरों की मांग बनी हुई है। महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के अध्यक्ष विजय नाकरा ने कहा कि घरेलू बाजार में बिक्री में आई यह तेज बढ़ोतरी किसानों के लिए अनुकूल परिस्थितियों और रबी फसल की समय पर कटाई का परिणाम है। उन्होंने बताया कि मजबूत कृषि गतिविधियों ने ट्रैक्टरों की मांग को बढ़ावा दिया है।
कृषि क्षेत्र में मजबूत मांग के संकेत
महिंद्रा की ट्रैक्टर बिक्री में दर्ज हुई यह बढ़ोतरी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों का संकेत मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अच्छी फसल, बेहतर आय और खेती में बढ़ते मशीनीकरण की वजह से आने वाले महीनों में भी ट्रैक्टरों की मांग मजबूत रह सकती है।