Weather Update 6 May: इन 11 राज्यों में बारिश-ओलों का खतरा, 70 किमी तक की रफ्तार से चलेगी आंधी, IMD का अलर्ट
देशभर में मौसम ने अचानक करवट ली है और गर्मी के बीच राहत के साथ खतरा भी बढ़ गया है। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ट्रिपल असर आज कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। India Meteorological Department (IMD) ने 6 मई के लिए 11 राज्यों में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है जहां 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है।
पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ का असर
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है। यहां गरज-चमक के साथ बारिश के अलावा कुछ जगहों पर बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आया है, जिससे उत्तर भारत का पूरा मौसम सिस्टम प्रभावित हुआ है।
इन 11 राज्यों में अलर्ट, संभलकर रहें
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। कई जगहों पर ओले गिर सकते हैं और तेज हवाएं नुकसान पहुंचा सकती हैं। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट भी दर्ज हो सकती है।
यूपी में तेज हवाओं के साथ बारिश का खतरा
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज मौसम बिगड़ सकता है। लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, बाराबंकी, उन्नाव, सीतापुर, खीरी, हरदोई, अमेठी, गाजीपुर, गोरखपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, फतेहपुर, अलीगढ़, आगरा और मथुरा में आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। लखनऊ में तापमान 32°C से 22°C के बीच रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में भी बदलेगा मिजाज
दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कई इलाकों में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। तापमान में गिरावट के साथ अधिकतम 32°C और न्यूनतम 21°C रहने की संभावना है। बारिश के कारण एयर क्वालिटी में भी सुधार हुआ है और AQI 100 से नीचे पहुंच गया है, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
बिहार-झारखंड में जारी रहेगा बारिश का दौर
बिहार और झारखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम सक्रिय बना हुआ है और आज भी राहत के साथ खतरा बना रहेगा। बिहार के कई जिलों जैसे कैमूर, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, मधुबनी और सहरसा में बारिश की संभावना है। पटना में तापमान 33°C से 23°C के बीच रह सकता है। वहीं झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो, दुमका और पलामू में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
राहत भी, जोखिम भी
बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दी है। वहीं ओले और आकाशीय बिजली से खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और सुरक्षित जगहों पर शरण लें।