Milk Price Hike: इस राज्य में दूध हुआ महंगा, OMFED ने बढ़ाए दाम; 3 मई से लागू होंगे नए रेट
Odisha Milk Price Hike: ओडिशा के उपभोक्ताओं को अब दूध के लिए ज्यादा कीमत चुकानी होगी। Odisha Milk Federation (OMFED) ने राज्यभर में दूध की कीमतों में 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। federation द्वारा जारी ऑफिस ऑर्डर के मुताबिक नए दाम 3 मई 2026 से लागू होंगे। बढ़ी हुई कीमतें विभिन्न प्रकार के दूध पाउच पर लागू होंगी, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर असर पड़ सकता है।
जारी आदेश के अनुसार 500 मिली टोंड मिल्क की कीमत 25.85 रुपये से बढ़ाकर 27 रुपये कर दी गई है। वहीं 500 मिली प्रीमियम मिल्क अब 27.10 रुपये की जगह 29 रुपये, गोल्ड मिल्क 27.95 रुपये से बढ़कर 30 रुपये, और गोल्ड प्लस मिल्क 29.50 रुपये से बढ़कर 32 रुपये में मिलेगा। यानी प्रति लीटर आधार पर देखें तो कीमत में लगभग 4 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
कीमत बढ़ने की क्या है वजह?
हालांकि Odisha Milk Federation (OMFED) ने दूध की कीमत बढ़ाने के पीछे कोई आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि कच्चे दूध की खरीद लागत, परिवहन खर्च, पैकेजिंग और अन्य संचालन लागत में बढ़ोतरी के कारण यह फैसला लिया गया है। पिछले कुछ महीनों में डेयरी सेक्टर की लागत लगातार बढ़ी है, जिसका असर अब खुदरा कीमतों पर दिखाई दे रहा है।
आम उपभोक्ताओं पर क्या होगा असर?
दूध की कीमत बढ़ने से इसका सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ेगा, खासकर शहरों और कस्बों में रहने वाले उन परिवारों पर जो रोजाना पैकेज्ड दूध का इस्तेमाल करते हैं। इतना ही नहीं, आने वाले दिनों में दही, पनीर, मिठाई और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
लाखों उपभोक्ताओं और डेयरी कारोबार प्रभावित
OMFED ने अपने आदेश में यह भी कहा है कि दूध पाउच पर चल रही सभी फ्री स्कीम्स वापस ले ली गई हैं। हालांकि खुदरा विक्रेताओं को प्रोत्साहन देने के लिए न्यूनतम खरीद पर 1% से 1.5% तक इंसेंटिव देने की व्यवस्था जारी रहेगी। बढ़ती लागत और डेयरी संचालन खर्च को देखते हुए यह फैसला लिया गया माना जा रहा है। Odisha Milk Federation (OMFED) का यह फैसला राज्य के लाखों उपभोक्ताओं और डेयरी कारोबार से जुड़े लोगों को प्रभावित करेगा।