केरल में मानसून की दस्तक करीब, देशभर में बारिश को लेकर IMD का बड़ा अपडेट, जानें कहाँ बरसेंगे बादल, कहाँ चलेगी तेज़ आंधी?
देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बारिश और तेज हवाओं से राहत मिली है, वहीं मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर, मध्य, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम सक्रिय बना रहेगा। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और माहे में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा लक्षद्वीप, पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में गरज-चमक का अलर्ट
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड और पश्चिमी राजस्थान में मेघगर्जन और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 2 से 5 जून के बीच इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर में 6 जून को, उत्तराखंड में 2 से 6 जून तक, पंजाब में 5 जून को तथा दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 1 से 5 जून के दौरान गरज-चमक और बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2 से 5 जून और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
मध्य और पश्चिम भारत में भी मौसम रहेगा सक्रिय
मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी, बिजली और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में 2 से 5 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है।
केरल में जल्द पहुंच सकता है मानसून
आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों में केरल में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि परिस्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं। अगले कुछ दिनों में मानसून लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है। हालांकि विभाग ने पिछले सप्ताह जारी संशोधित पूर्वानुमान में कहा था कि इस वर्ष देश में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। भारत में इस बार दीर्घकालिक औसत (LPA) का लगभग 90 प्रतिशत वर्षा होने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार अल नीनो की स्थिति विकसित होने की संभावना भी मानसून को प्रभावित कर सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में राहत का दौर जारी
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में सप्ताह के अंत तक तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।