उत्तर भारत में मॉनसून ने पकड़ी रफ़्तार, 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 100 km/h की हवाओं का ख़तरा
उत्तर भारत में मॉनसून ने रफ़्तार पकड़ ली है और इसके साथ ही कई राज्यों में मौसम का मिज़ाज तेज़ी से बदल रहा है। गुरुवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में तेज़ आंधी और बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी किया। विभाग ने 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ़्तार से तेज़ हवाएँ, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों तक पहुँच सकता है।
दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, कोंकण, कर्नाटक और सौराष्ट्र-कच्छ समेत कई इलाक़ों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज़ हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव का ख़तरा जताया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में रेड अलर्ट, तेज़ हवाओं और बारिश की चेतावनी
आईएमडी के सुबह 6:45 बजे जारी नाउकास्ट के मुताबिक़ दिल्ली में गरज-चमक के साथ मध्यम दर्जे की बारिश और 69 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से तेज़ हवाएँ चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के दौरान 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँच सकती है। इसी वजह से राजधानी के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
सुबह से ही दिल्ली के कई इलाक़ों में बारिश शुरू हो गई। इंडिया गेट, जंतर-मंतर, चाणक्यपुरी, पालम, नोएडा और गाज़ियाबाद समेत कई हिस्सों में तेज़ बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले पाँच दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुककर बारिश, तेज़ हवाओं और बिजली चमकने की संभावना जताई है। लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, कमज़ोर ढाँचों, पेड़ों और होर्डिंग्स से दूर रहने की सलाह दी गई है।
यूपी से महाराष्ट्र तक कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मॉनसून पहुँच चुका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 जुलाई तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 से 3 जुलाई तथा 6 से 7 जुलाई के दौरान बारिश की संभावना है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 2 से 7 जुलाई के बीच तेज़ बारिश का दौर जारी रह सकता है। बिहार में 4 जुलाई तक आंधी, बिजली और तेज़ हवाओं का असर रहने की संभावना है, जबकि 5 से 7 जुलाई के बीच भी बारिश का अलर्ट जारी है।
उत्तराखंड में 2 और 4 से 7 जुलाई, हिमाचल प्रदेश में 3 और 7 जुलाई, जबकि पंजाब में 2 से 4 जुलाई और 6 से 7 जुलाई के दौरान बारिश का अनुमान है। राजस्थान में 2 जुलाई तथा 5 से 7 जुलाई के बीच बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 3 से 5 जुलाई के बीच धूल भरी आंधी चल सकती है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 3 और 4 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, कोंकण, गोवा, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक सक्रिय मॉनसून की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। मुंबई, मध्य महाराष्ट्र, पालघर और आसपास के इलाक़ों में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान भारी बारिश हुई, जिससे कुछ स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ। नवी मुंबई में भी बारिश का असर देखा गया। मौसम विभाग ने दोपहर की हाई टाइड के दौरान भारी बारिश जारी रहने पर निचले इलाक़ों में जलभराव की आशंका जताई है।
उधर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का भी ख़तरा बना हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत की सूचना है। इनमें सुल्तानपुर और मुरादाबाद में धान की रोपाई कर रहे चार मज़दूर, बलिया में दो तथा वाराणसी और अलीगढ़ में एक-एक व्यक्ति की जान गई।