MP Heatwave Alert: 31 जिलों में हीटवेव अलर्ट, जानिए किन-किन जिलों में पारा 45 डिग्री तक पहुँचने की चेतावनी
मध्य प्रदेश में सूरज अब आग उगलने लगा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के 55 में से 31 जिलों में हीटवेव अलर्ट घोषित कर प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने को कहा है। हालांकि भीषण गर्मी के बीच एक जगह ऐसी भी है, जहाँ मौसम अब भी ठंडक का अहसास करा रहा है।
31 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। कई जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। जिन जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है, उनमें ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, विदिशा, रायसेन, खंडवा, रतलाम, गुना, दतिया, रीवा, राजगढ़, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ जैसे जिले शामिल हैं।
रात में भी नहीं मिल रही राहत
गर्मी का असर केवल दिन में ही नहीं, बल्कि रात के तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। इंदौर और सागर में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जबलपुर में यह 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दतिया और गुना में भी रात का तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया है।
पचमढ़ी बना राहत का ठिकाना
जहाँ पूरा प्रदेश गर्मी से बेहाल है, वहीं सतपुड़ा की रानी कहे जाने वाले पचमढ़ी में मौसम सुहावना बना हुआ है। यहाँ न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा और गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटकों की पसंद बना हुआ है।
मौसम विभाग ने दी सावधानी बरतने की सलाह
IMD ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक सतर्क रहने को कहा गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है, इसलिए लापरवाही से बचना जरूरी है।