नौतपा में आंधी और तूफान: कहीं गिरे ओले तो कहीं टूटे टॉवर, जानिए किन राज्यों में बदला अचानक मौसम
उत्तर भारत के कई हिस्सों में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से जारी ताजा अलर्ट के मुताबिक हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश का असर देखने को मिला। कई जगहों पर धूलभरी आंधी चली, जबकि कुछ इलाकों में बूंदाबांदी और बिजली चमकने की घटनाएं भी दर्ज की गईं।
हरियाणा में चलीं तेज हवाएं
हरियाणा के आदमपुर, हिसार, हांसी, सिवानी, महम, तोशाम, भिवानी, चरखी दादरी, मट्टनहेल, कोसली, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, बावल और नूंह में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज के साथ मौसम ठंडा हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नंदगांव, बरसाना और मथुरा क्षेत्र में भी शाम के समय बादल छाए रहे और हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं का असर दिखाई दिया। धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
राजस्थान में आंधी-बारिश
राजस्थान के भादरा, सिधमुख, भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल और डीग में भी आंधी और हल्की बारिश का असर देखने को मिला। कई जगह धूलभरी हवाओं के कारण विजिबिलिटी प्रभावित हुई। हालांकि मौसम विभाग ने इसे प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा बताया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक इन इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। विभाग ने लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।