Women's Day: दिल्ली में निकलेगी ‘शक्ति वॉक’, 3000 से ज्यादा महिलाएं देंगी #SheLeadsBharat का संदेश
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर 8 मार्च को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर एक खास आयोजन होने जा रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से “शक्ति वॉक #SheLeadsBharat” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के अलग-अलग क्षेत्रों से आई करीब 3000 महिलाएँ हिस्सा लेंगी। इस वॉक के जरिए महिलाओं के नेतृत्व, उनकी उपलब्धियों और देश के विकास में उनकी भूमिका को सामने लाने की कोशिश की जाएगी।
महिला दिवस 2026 पर खास
हर साल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं की उपलब्धियों, उनके संघर्ष और समाज में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए समर्पित है। इसी अवसर पर इस बार दिल्ली के कर्तव्य पथ पर “शक्ति वॉक–#SheLeadsBharat” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएँ एक साथ चलकर महिलाओं की ताकत और नेतृत्व का संदेश देंगी।
कौन महिलाएँ होंगी शामिल?
यह वॉक सुबह 7:30 बजे से शुरू होकर करीब 10 बजे तक चलेगी। इसमें महिलाएं इंडिया गेट से विजय चौक तक लगभग 2 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। इस आयोजन में 150 से ज्यादा मंत्रालयों, विभागों और संगठनों से महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में सशस्त्र बलों, पुलिस, मीडिया, स्वास्थ्य सेवा, खेल, उद्योग और सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी हिस्सा लेंगी। इसके अलावा विभिन्न मंत्रालयों और सरकारी विभागों की महिला अधिकारी, जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिलाएं और अलग-अलग क्षेत्रों की महिला पेशेवर भी इस वॉक का हिस्सा बनेंगी।
महिलाओं सशक्तिकरण के लिए सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी
इस आयोजन में महिला जनप्रतिनिधियों की भी खास भूमिका होगी। वॉक का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख महिला हस्तियाँ करेंगी। कार्यक्रम की शुरुआत उनके संक्षिप्त संबोधन से होगी, जिसके बाद वॉक को हरी झंडी दिखाई जाएगी। कर्तव्य पथ पर इस दौरान महिलाओं के लिए चल रही प्रमुख सरकारी योजनाओं और पहलों को दिखाने के लिए खास प्रदर्शन और इंस्टॉलेशन भी लगाए जाएंगे। इसके जरिए लोगों को बताया जाएगा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार किस तरह की योजनाएँ चला रही है और उनका क्या असर पड़ रहा है।
पारंपरिक डाँस की मिलेगी झलक
कार्यक्रम के अंत में इंडिया गेट पर एक सांस्कृतिक प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी, जिसमें देश के अलग-अलग हिस्सों की पारंपरिक कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इसमें डोल्लू कुणित, कलारीपयट्टु, श्रीनगरिमेलम, रणचंडी और घूमर जैसे पारंपरिक नृत्य और प्रस्तुतियां शामिल होंगी, जो महिलाओं की शक्ति और भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाएंगी।
#SheLeadsBharat के क्या हैं मायने?
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत “वंदे मातरम” की सामूहिक प्रस्तुति से होगी। इसके साथ ही “शक्ति वॉक #SheLeadsBharat” संदेश वाले गुब्बारे भी छोड़े जाएंगे, जो महिलाओं के नेतृत्व और उनकी भागीदारी के संदेश को आगे बढ़ाएंगे। सरकार का कहना है कि ऐसे आयोजन महिलाओं के सशक्तिकरण, उनकी सुरक्षा और सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने का एक प्रयास हैं। साथ ही यह कार्यक्रम विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित करता है।