पेट्रोल-डीजल फिर हुआ महंगा, एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े दाम; जानें अपने इलाके की नई कीमतें

Gaon Connection | May 19, 2026, 09:46 IST
देश में पेट्रोल और डीजल के दाम फिर बढ़ गए हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने एक लीटर पर करीब 90 पैसे की बढ़ोतरी की है। दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इससे पहले शुक्रवार को 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी।
पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी

देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को फिर बढ़ोतरी कर दी गई। सरकारी तेल कंपनियों ने एक लीटर पर करीब 90 पैसे तक दाम बढ़ाए हैं। एक हफ्ते के भीतर ईंधन कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गया, जबकि डीजल 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। चार साल से अधिक समय बाद तेल कंपनियों ने पहली बार ईंधन कीमतों में इजाफा किया था।



ईरान युद्ध और कच्चे तेल की तेजी का असर

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बाद सरकारी तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ गया है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर हमले और उसके बाद तेहरान की जवाबी कार्रवाई के चलते वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई। खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल सप्लाई बाधित होने की आशंका से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 50 प्रतिशत से ज्यादा महंगा हो चुका है। हालांकि सरकार ने लंबे समय तक पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर रखे थे। सरकार का कहना था कि वह महंगाई से राहत देने के लिए ऐसा कर रही है, जबकि विपक्षी दलों ने इसे चुनावी राज्यों को देखते हुए राजनीतिक फैसला बताया।



19 मई 2026 को देश के प्रमुख जगहों में पेट्रोल की कीमतें

शहरपेट्रोल कीमत (रुपये/लीटर)
नई दिल्ली98.64
मुंबई109.70
कोलकाता108.74
चेन्नई104.49
गुरुग्राम99.51
नोएडा98.65
बेंगलुरु107.14
भुवनेश्वर105.25
चंडीगढ़98.10
हैदराबाद111.84
जयपुर108.94
लखनऊ98.42
पटना109.54
तिरुवनंतपुरम111.70

19 मई 2026 को देश के प्रमुख जगहों में डीजल की कीमतें

शहरडीजल कीमत (रुपये/लीटर)
नई दिल्ली90.67
मुंबई93.14
कोलकाता95.13
चेन्नई95.47
गुरुग्राम92.01
नोएडा91.93
बेंगलुरु95.04
भुवनेश्वर96.83
चंडीगढ़86.09
हैदराबाद99.95
जयपुर94.14
लखनऊ91.73
पटना95.58
तिरुवनंतपुरम100.59

चुनाव खत्म होते ही बढ़े दाम

शुक्रवार को हुई 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी ऐसे समय आई, जब पांच राज्यों के चुनाव खत्म हो चुके हैं और भाजपा ने पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों में जीत दर्ज कर अपनी पकड़ मजबूत की है। पीटीआई के अनुसार, उद्योग सूत्रों का कहना है कि यह बढ़ोतरी भी तेल कंपनियों के घाटे की तुलना में काफी कम है।

Tags:
  • Petrol Diesel Price Hike
  • Petrol Price Today
  • Diesel Price Today
  • Fuel Price Hike
  • Crude Oil Prices
  • Iran War Impact
  • CNG Price Hike
  • LPG Cylinder Price
  • Inflation News
  • Oil Companies Losses