भाजपा ने यूपी में खराब कानून व्यवस्था के लिए सपा सरकार और पुलिस डीजीपी को जिम्मेदार ठहराया

गाँव कनेक्शन | Feb 11, 2017, 16:13 IST
Share
uttar pradesh
भाजपा ने यूपी में खराब कानून व्यवस्था के लिए सपा सरकार और पुलिस डीजीपी को जिम्मेदार ठहराया 
कानपुर (भाषा)। भारतीय जनता पर्टी ने उत्तर प्रदेश में खराब कानून व्यवस्था के लिये समाजवादी पार्टी सरकार और पुलिस विभाग के डीजीपी को जिम्मेदार ठहराते हुये आज कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गयी है और गुंडो का राज हो गया है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘एक तो करेला दूसरे नीम चढ़ा। प्रदेश की अखिलेश सरकार कानून व्यवस्था के अनुसार काम नहीं कर रही थी वहीं पुलिस विभाग में डीजीपी भी धर्म विशेष के लोगों के लिये ही काम करते हैं।

कल रात ही बिजनौर में भाजपा के एक नेता और उसके पुत्र पर हमला हुआ जिसमें भाजपा नेता बुरी तरह से घायल हो गए और उसके बेटे की मौत हो गयी। यह काम समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया हैं।
केशव प्रसाद मौर्या, प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी

उन्होंने कहा, ‘‘आज ग्रेजुएट एमएलसी चुनाव में भाजपा के तीन उम्मीदवार जीत गये है इससे लगता है कि प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है। उन्होंने दावा किया कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहले चरण के मतदान में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जबरदस्त उत्साह है और हम उत्तर प्रदेश में जीत की ओर बढ रहे हैं।"

मौर्या ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर सबसे पहले कानून व्यवस्था को सुधारा जाएगा, छोटे किसानों का बैंक कर्ज माफ किया जाएगा तथा उनके नये कर्ज पर ब्याज सरकार अदा करेंगी, सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार खत्म होगा तथा तीसरी और चौथी श्रेणी की नौकरियों में इंटरव्यूह खत्म किए जाएंगे। प्रदेश के बूचड खानों को बंद किया जाएगा।’’

राम मंदिर के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है इस लिये संवैधानिक दायरे में रहते हुये इसके शीघ्र निर्माण के प्रयास किए जाएंगे।

Tags:
  • uttar pradesh
  • kanpur
  • Samajwadi Party
  • BJP Prti
  • DGP Police Department