दिल्ली में रात में भी भीषण गर्मी से झुलसे लोग! मई में टूटा 14 साल पुराना ये रिकॉर्ड, जानें कैसे रहेंगे अगले 5 दिन

Gaon Connection | May 21, 2026, 11:43 IST
दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मई महीने की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने हीटवेव को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिन का तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है। लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दिल्ली ने मई महीने की पिछले करीब 14 वर्षों की सबसे गर्म रात दर्ज की है। गुरुवार (21 मई) को न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक इससे पहले 26 मई 2012 को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने राजधानी में हीटवेव को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि दिन का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।



कई इलाकों में दर्ज हुई ‘वार्म नाइट’ की स्थिति

आईएमडी के अनुसार दिल्ली के सफदरजंग और लोधी रोड मौसम केंद्रों पर “वार्म नाइट” की स्थिति दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहता है और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा दर्ज होता है, तब उसे “वार्म नाइट” कहा जाता है।सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि रिज क्षेत्र में यह 30.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक था। पालम में न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री, लोधी रोड में 29.6 डिग्री और अयानगर में 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



दिन में भी जारी रहेगी भीषण गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक लू का असर जारी रह सकता है। दिल्ली में अगले 5 दिनों तक गर्मी का कहर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 और 22 मई को पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और तेज लू लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। 23 मई को तापमान में मामूली गिरावट संभव है, लेकिन गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। वहीं 24 से 26 मई तक भी राजधानी में 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।तेज गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।



दिल्ली की हवा फिलहाल ‘मॉडरेट’ श्रेणी में

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार गुरुवार सुबह 9 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 153 दर्ज किया गया, जो ‘मॉडरेट’ श्रेणी में आता है।



सीपीसीबी के मुताबिक:



  • 0 से 50 AQI को ‘अच्छा’
  • 51 से 100 ‘संतोषजनक’
  • 101 से 200 ‘मॉडरेट’
  • 201 से 300 ‘खराब’
  • 301 से 400 ‘बहुत खराब’
  • 401 से 500 ‘गंभीर’

श्रेणी में माना जाता है।

Tags:
  • Delhi Heatwave
  • Delhi Warm Night
  • IMD Alert
  • Delhi Weather Update
  • Delhi Temperature
  • Hottest Night in Delhi
  • Orange Alert Delhi
  • Delhi Summer 2026
  • Heatwave News
  • Weather News Hindi