गेहूं की रिकॉर्ड खरीदारी से भरे सरकारी गोदाम, 17% बढ़ी खरीद, इन राज्यों की वजह से लक्ष्य हुआ पार

Gaon Connection | Jun 02, 2026, 11:47 IST
Image credit : PTI
सरकारी एजेंसियों ने इस वर्ष गेहूं खरीद में संशोधित लक्ष्य को पार करते हुए करीब 3.5 करोड़ टन खरीद दर्ज की है। यह पिछले साल की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में खरीद में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। बढ़े हुए उत्पादन और मजबूत सरकारी खरीद के चलते बफर स्टॉक भी निर्धारित मानक से काफी ऊपर पहुंच गया है।
गेहूं की सरकारी खरीद

देश में गेहूं उत्पादन में बढ़ोतरी का असर सरकारी खरीद पर भी दिखाई दे रहा है। चालू विपणन सत्र में भारतीय खाद्य निगम (FCI) द्वारा बफर स्टॉक के लिए की गई गेहूं खरीद सरकार के संशोधित लक्ष्य से भी आगे निकल गई है। 31 मई तक सरकारी एजेंसियों ने करीब 3.5 करोड़ टन गेहूं की खरीद कर ली है, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। सरकार ने शुरुआत में गेहूं खरीद का लक्ष्य 3.03 करोड़ टन रखा था, लेकिन राज्यों की मांग पर अप्रैल के अंतिम सप्ताह में इसे बढ़ाकर 3.45 करोड़ टन कर दिया गया। अब खरीद 3.499 करोड़ टन तक पहुंच चुकी है, जिससे संशोधित लक्ष्य भी पार हो गया है।



रिकॉर्ड उत्पादन का दिखा असर

कृषि मंत्रालय ने पहले देश में गेहूं उत्पादन 12.02 करोड़ टन रहने का अनुमान जताया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 12.06 करोड़ टन कर दिया गया। यह पिछले वर्ष के 11.79 करोड़ टन उत्पादन से लगभग 2.3 प्रतिशत अधिक है। असमय बारिश और ओलावृष्टि से कुछ क्षेत्रों में नुकसान के बावजूद उत्पादन में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।



खरीदे गए गेहूं का बड़ा हिस्सा गुणवत्ता मानकों में छूट के तहत

सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक खरीदे गए 3.499 करोड़ टन गेहूं में से 2.36 करोड़ टन से अधिक गेहूं गुणवत्ता मानकों में छूट (Relaxed Quality Norms) के तहत खरीदा गया है। यह कुल खरीद का लगभग 67 प्रतिशत हिस्सा है। कई राज्यों में असमय बारिश और ओलावृष्टि के कारण गेहूं की चमक प्रभावित हुई थी, जिसके चलते सरकार ने गुणवत्ता मानकों में राहत दी थी।



पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा खरीद

पंजाब में गेहूं खरीद 1.216 करोड़ टन रही, जो पिछले वर्ष के 1.192 करोड़ टन से 2 प्रतिशत अधिक है। राज्य के लिए 1.22 करोड़ टन खरीद का लक्ष्य तय किया गया था। पंजाब में खरीदा गया लगभग पूरा गेहूं गुणवत्ता मानकों में छूट के तहत लिया गया। हरियाणा में सरकारी एजेंसियों ने 81.2 लाख टन गेहूं खरीदा, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 70.8 लाख टन था। यह राज्य के 72 लाख टन के लक्ष्य से भी अधिक है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी मध्य प्रदेश में देखने को मिली। यहां खरीद 77.8 लाख टन से बढ़कर 1.044 करोड़ टन पहुंच गई, जो 34 प्रतिशत की वृद्धि है। राज्य की मांग पर केंद्र सरकार ने खरीद लक्ष्य 78 लाख टन से बढ़ाकर 1 करोड़ टन किया था, जिसे भी पार कर लिया गया।



उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में भी बढ़ी खरीद

उत्तर प्रदेश में गेहूं खरीद 10.3 लाख टन से बढ़कर 17.2 लाख टन हो गई है। वहीं राजस्थान में खरीद 19.8 लाख टन से बढ़कर 24.3 लाख टन पहुंच गई। बिहार में भी खरीद में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य में अब तक 36,285 टन गेहूं खरीदा गया है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 17,923 टन था। केंद्र सरकार ने बिहार के लिए खरीद लक्ष्य 18 हजार टन से बढ़ाकर 1.8 लाख टन किया था।



बफर स्टॉक की स्थिति मजबूत

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के अनुसार इस वर्ष करीब 3.5 करोड़ टन गेहूं खरीद के बाद केंद्रीय पूल में गेहूं का भंडार 5.13 करोड़ टन तक पहुंच गया है। यह 1 जुलाई के लिए निर्धारित 2.75 करोड़ टन के बफर मानक से काफी अधिक है। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली और अन्य सरकारी योजनाओं के लिए पर्याप्त भंडार उपलब्ध रहेगा।

Tags:
  • Wheat Procurement
  • FCI
  • Buffer Stock
  • Wheat Production
  • MSP Procurement
  • Punjab Wheat
  • Haryana Wheat
  • Madhya Pradesh Wheat
  • Food Corporation of India
  • Agriculture News