अगले 24 घंटों में यूपी के 44 जिलों में तेज़ आंधी-बारिश की चेतावनी, रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी, 90 किमी तक की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों को अब कुछ राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम तेजी से बदलने वाला है। तेज आंधी, बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसी बीच यूपी राहत विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के राहत विभाग ने गुरुवार शाम करीब 4:50 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि “सचेत ऐप” से प्राप्त इनपुट के आधार पर यह चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में रेड अलर्ट, 90 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
राहत विभाग के मुताबिक आगरा, अलीगढ़, औरैया, बरेली, बिजनौर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, हमीरपुर, हाथरस, जालौन, झांसी, महोबा, मैनपुरी, मथुरा, सहारनपुर और शामली जिलों में गरज के साथ तेज तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है।
इन जिलों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि कुछ जगहों पर 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज झोंके चलने की आशंका जताई गई है। झांसी और महोबा में अगले तीन घंटों के दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंके आने की संभावना है। इन दोनों जिलों में बिजली गिरने और मध्यम बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी
बहराइच, बलरामपुर, बांदा, भदोही, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कौशांबी, कुशीनगर, सीतापुर, सोनभद्र और उन्नाव जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान बिजली गिरने के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है।
इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा अमरोहा, बदायूं, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, कासगंज, ललितपुर, मेरठ और संभल जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में भी हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं की वजह से पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और सड़क यातायात में दिक्कत आने की आशंका जताई गई है। वहीं किसानों को भी फसलों और कृषि उपकरणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज आंधी और ओलावृष्टि से नुकसान हो सकता है। राहत विभाग ने लोगों से मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।