30°C से अधिक गर्मी पड़ने पर मुर्गियों में बढ़ जाता है हीट स्ट्रेस का खतरा, दिखें ये लक्षण तो ना करें नजरअंदाज, वरना मर सकती हैं मुर्गियां
देश के राज्यों में बढ़ती गर्मी के बीच मुर्गी पालन करने वाले किसानों के लिए खतरा भी बढ़ गया है। बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, पशुपालन निदेशालय ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि गर्मियों के मौसम में मुर्गियों में हीट स्ट्रेस (लू लगना) सबसे बड़ी समस्या बनकर सामने आती है। विभाग के अनुसार, मुर्गियों के शरीर में पसीने की ग्रंथियां नहीं होती हैं, जिस कारण वे शरीर का तापमान नियंत्रित नहीं कर पातीं और तेजी से गर्मी की चपेट में आ जाती हैं।
मुर्गियों में हीट स्ट्रेस के लक्षण
विभाग ने बताया कि जैसे ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाता है, मुर्गियों में हीट स्ट्रेस होने लगता है। इसके कारण उनकी मृत्यु दर बढ़ सकती है और अंडा देने की क्षमता भी कम हो जाती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। एडवाइजरी में इसके लक्षण भी स्पष्ट रूप से बताए गए हैं, जिनमें मुर्गियों का चोंच खोलकर तेज सांस लेना, पंख लटकाकर रखना, अत्यधिक पानी पीना और दाना कम खाना शामिल है। स्थिति गंभीर होने पर मुर्गियां सुस्त हो जाती हैं और उनकी मौत तक हो सकती है।
करें ये काम
विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे इस मौसम में मुर्गियों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान दें। उन्हें ठंडा और हवादार वातावरण उपलब्ध कराएं, शेड में पर्याप्त वेंटिलेशन रखें और साफ व ठंडा पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराएं, ताकि शरीर का तापमान नियंत्रित रह सके। समय पर देखभाल और सही प्रबंधन से हीट स्ट्रेस के प्रभाव को कम किया जा सकता है और मुर्गियों की उत्पादकता को बनाए रखा जा सकता है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे इन उपायों को अपनाकर गर्मी के मौसम में होने वाले नुकसान से बचें और मुर्गी पालन को सुरक्षित व लाभकारी बनाए रखें।
कैसा रहेगा मौसम
पटना में आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना (आईएमडी) के अनुसार 11 से 15 अप्रैल के बीच राजधानी में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। विभाग ने बताया कि इस अवधि में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, जिससे धूप तेज होगी और दिन के समय गर्मी ज्यादा महसूस की जाएगी। IMD पटना के मुताबिक तापमान में लगातार बढ़ोतरी से हीट वेव जैसी स्थिति बनने की आशंका भी बनी हुई है।