Weather Update May 15: उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, दिल्ली-UP में हीटवेव अलर्ट, जानें देश में कहां कितना रहेगा तापमान
देश इस समय प्री-मानसून ट्रांजिशन फेज से गुजर रहा है, जहां एक तरफ उत्तर और पश्चिम भारत में भीषण गर्मी तेजी से बढ़ रही है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी हैं। 15 मई 2026 को देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 27°C से 35°C और अधिकतम तापमान 31°C से 47°C के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून की प्रगति अभी धीमी है, जिसके कारण गर्मी तेजी से बढ़ रही है। राजस्थान, दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है। दूसरी ओर दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में प्री-मानसून बारिश जारी है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में 20 मई तक रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। हालांकि श्रीनगर समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में फिलहाल बर्फबारी की संभावना नहीं है। श्रीनगर में तापमान 9°C से 17°C के बीच रहने का अनुमान है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से ऊपर रहने के कारण बर्फबारी नहीं होगी।
कहां सबसे ज्यादा गर्मी?
राजस्थान में 45°C से 47°C तक तापमान पहुंच सकता है। दिल्ली-NCR, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी हीटवेव जैसे हालात बने रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक साफ आसमान, कमजोर प्री-मानसून सर्कुलेशन और शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण उत्तर भारत में तापमान सामान्य से 2°C से 4°C तक ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी का असर दिख रहा है। लखनऊ और कानपुर में तापमान 43°C तक पहुंच सकता है, जबकि वाराणसी में अधिकतम तापमान 42°C रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्म और शुष्क हवाओं के कारण हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है। फिलहाल बारिश की संभावना बहुत कम है।
IMD के मुताबिक, देश में कहां 15 मई को कितना न्यूनतन और अधिकतम तापमान रह सकता है।
| शहर | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान | बारिश की संभावना | मौसम की स्थिति |
|---|---|---|---|---|
| दिल्ली | 35°C | 43°C | कम | गर्म और शुष्क, हीटवेव का खतरा |
| नोएडा | 35°C | 43°C | कम | बेहद गर्म, शुष्क हवाएं |
| गुरुग्राम | 35°C | 43°C | कम | धूलभरी गर्म हवाएं |
| मुंबई | 29°C | 31°C | मध्यम | उमस, हल्की बारिश संभव |
| चेन्नई | 29°C | 34°C | मध्यम | उमस भरा मौसम, हल्की बारिश |
| हैदराबाद | 30°C | 39°C | कम | शुष्क गर्मी |
| बेंगलुरु | 24°C | 33°C | मध्यम | शाम को हल्की बारिश संभव |
| लखनऊ | 30°C | 43°C | कम | भीषण गर्मी, हीटवेव जैसी स्थिति |
| वाराणसी | 30°C | 42°C | कम | गर्म और साफ आसमान |
| जयपुर | 31°C | 42°C | बहुत कम | रेगिस्तानी गर्मी |
| जोधपुर | 32°C | 45°C | बहुत कम | तेज गर्म हवाएं |
| अहमदाबाद | 30°C | 44°C | कम | हीटवेव जैसे हालात |
| कोलकाता | 30°C | 36°C | कम | गर्म और उमस |
| गुवाहाटी | 25°C | 33°C | अधिक | भारी बारिश और गरज-चमक |
| भोपाल | 29°C | 42°C | कम | गर्म और शुष्क |
| इंदौर | 28°C | 40°C | कम | लगातार गर्मी |
| कोच्चि | 26°C | 32°C | अधिक | प्री-मानसून बारिश |
| तिरुवनंतपुरम | 26°C | 32°C | अधिक | लगातार बारिश की संभावना |
| चंडीगढ़ | 27°C | 42°C | कम | गर्म और शुष्क हवाएं |
मानसून कब पहुंचेगा?
IMD के अनुसार मानसून 16 मई के आसपास अंडमान सागर की ओर बढ़ना शुरू कर सकता है। केरल में मानसून के 1 जून के आसपास पहुंचने की संभावना है, जो सामान्य समय माना जाता है। फिलहाल मुख्य भूमि भारत में मानसून की बड़ी प्रगति नहीं हुई है।