0

मेघालय में पुलिस फायरिंग में तीन व्यक्तियों के घायल होने से गुस्साई भीड़ ने पुलिस थाने में लगाई आग

Sanjay Srivastava | Mar 07, 2017, 13:33 IST
Share
Shillong
शिलांग (आईएएनएस)। मेघालय में पुलिस फायरिंग में तीन व्यक्तियों के घायल होने से गुस्साई भीड़ ने राज्य के उत्तरी गारो हिल्स जिले में स्थित एक पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात को कालडंग इलाके में स्थित चौकी पर तैनात पुलिस टीम ने एक वाहन को रुकने का आदेश दिया, पर वाहन नहीं रुका, जिसके बाद पुलिस ने गोली चलाई। इसके बाद हिंसा भड़क गई।

इलाके में उग्रवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पिछले एक सप्ताह से हमने जिले में वाहनों की तलाशी तेज कर दी है।
एस.बी. सिंह पुलिस प्रमुख मेघालय

मेघालय के पुलिस प्रमुख एस.बी. सिंह ने बताया कि पुलिस फायरिंग के बाद गुस्साई भीड़ ने रेसुबेलपाड़ा पुलिस थाने, उसके अस्थायी बैरक और पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

सिंह ने कहा कि पूरी घटना से संबंधित विस्तृत विवरण का इंतजार है। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन वे स्थिति पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं।

तीनों घायलों को असम की राजधानी गुवाहाटी में एक निजी अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है। उनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि रविवार को मेघालय और असम पुलिस द्वारा वांछित कुख्यात अपराधी विलियम ए. संगमा, थापा दरेंची पुलिस चौकी से अपने साथियों के साथ बच निकलने में कामयाब हो गया था। हालांकि पुलिस उस वाहन से चीन निर्मित एक कार्बाइन और गोला-बारूद बरामद करने में कामयाब रही थी, जिसे वह छोड़ कर भागा था।

    Follow us
    Contact
    • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
    • neelesh@gaonconnection.com

    © 2026 All Rights Reserved.