100 KM की रफ्तार से आएगा तूफान! दिल्ली-यूपी समेत 10 राज्यों में बारिश, ओले और आंधी को लेकर IMD का बड़ा अलर्ट
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल समेत देश के कई राज्यों में अगले 48 घंटों के दौरान मौसम तेजी से बदल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तेज आंधी, भारी बारिश, ओलावृष्टि और तूफानी हवाओं को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में राहत मिल सकती है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं और चक्रवाती सिस्टम उत्तर भारत के मौसम का मिजाज बदलने वाले हैं।
आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले दो से तीन दिनों में अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। हालांकि केरल में मानसून तय तारीख 26 मई को नहीं पहुंच पाया।
दिल्ली-एनसीआर में 29 मई से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में 28 मई तक लू का हल्का असर बना रहेगा, लेकिन 29 मई से मौसम तेजी से बदल सकता है। इस दौरान दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान आने की आशंका है। भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। यह स्थिति 30 मई तक बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने लू को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में चार से आठ डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है।
उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलों की चेतावनी
आईएमडी के अनुसार उत्तर प्रदेश में 28 मई को धूल भरी आंधी और लू का असर देखने को मिल सकता है। लेकिन 29 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान आने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 और 29 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
बिहार और झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां तेज
बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। 28 और 29 मई को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दोनों दिन 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे पेड़ों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
झारखंड में 28 मई से 1 जून तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 से 30 मई के बीच 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
पश्चिम बंगाल और पहाड़ी राज्यों में भी खराब रहेगा मौसम
पश्चिम बंगाल में 28 मई को 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 29 मई को भी तेज हवाएं चलने की संभावना है। सिक्किम और हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल के इलाकों में भी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम बदलने वाला है। 28 से 30 मई के बीच बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड में 29 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लू के बाद ओले गिरने के आसार
28 मई को पूर्वी मध्य प्रदेश में भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि 29 और 30 मई को पूरे मध्य प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ में भी 29 मई से मौसम बदलने के आसार हैं। कई इलाकों में ओले गिरने और तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में गर्मी चरम पर, लेकिन जल्द मिलेगी राहत
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी है। श्रीगंगानगर में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई से पश्चिमी विक्षोभ के असर से यहां भी मौसम बदलना शुरू होगा और आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं और उत्तर भारत के ऊपर बन रहे चक्रवाती सिस्टम के कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है।