Tamil Nadu CM Oath Ceremony: थलपति विजय का बड़ा राजनीतिक आगाज, मुख्यमंत्री पद की ली शपथ; 9 मंत्री भी बने कैबिनेट का हिस्सा
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। VCK और IUML के समर्थन के बाद टीवीके प्रमुख थलपति विजय ने शनिवार सुबह चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ पार्टी के 9 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली, जबकि समारोह में Rahul Gandhi समेत कई बड़े नेता शामिल हुए।
तमिलनाडु में आज नई सरकार का आगाज हो गया है। VCK और IUML के समर्थन के बाद थलपति विजय की पार्टी टीवीके ने सरकार बनाने का दावा पेश किया और विजय ने शनिवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। उनके साथ टीवीके के 9 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi भी शामिल हुए। प्रोटोकॉल के तहत निवर्तमान मुख्यमंत्री M. K. Stalin को भी समारोह का निमंत्रण भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि पहले विजय का शपथ ग्रहण कार्यक्रम दोपहर 3:45 बजे तय किया गया था, लेकिन बाद में उनके ज्योतिषी की सलाह पर समय बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया। इससे पहले 9 मई को थलपति विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें टीवीके विधायक दल का नेता चुने जाने की जानकारी दी और सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए सरकार गठन का न्योता दिया।
राज्यपाल ने विजय को 13 मई 2026 तक या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है। इस बीच विजय के मुख्यमंत्री बनने पर उनके पिता और फिल्म निर्देशक S. A. Chandrasekhar ने खुशी जाहिर की। उन्होंने मीडिया से कहा, “मैं बहुत खुश हूं। मैं जो कुछ भी कर रहा हूं, सिर्फ अपने बेटे के लिए कर रहा हूं। आखिरकार विजय के जरिए तमिल लोगों को सफलता मिली है।”