सौ साल में पहली बार देखी गई यह विशेष चिड़िया

गाँव कनेक्शन | Mar 23, 2017, 16:23 IST
नाइट पैरेट
मेलबर्न (भाषा)। चिड़ियों की निगरानी करने वाले चार व्यक्तियों के एक समूह ने आस्ट्रेलिया की सबसे रहस्यमयी चिड़िया 'नाइट पैरेट' देखी है। इस चिड़िया को विलुप्त माना जाता है और करीब एक सदी से यह चिड़िया नहीं देखी गयी है।

चिड़िया की निगरानी करने वाले एड्रियन बॉयल, निगेल जैकेट, जार्ज स्वान और ब्रूस गेटविच ने एक अभयारण्य में इस चिडिया को देखा और विस्तृत हवाई नक्शे के जरिये इसकी पहचान की। उन्होंने इस अभयारण्य में डेरा डाल लिया और आम तौर पर रात में बोलने वाले इस पक्षी की आवाज सुनी।

आस्ट्रेलिया में ब्रूम बर्ड आब्जर्वरी के प्रबंधक एवं इस समूह में शामिल निगेन ने कहा, ‘‘एक रात पहले, हमने चिड़िया की आवाज सुनी। यह आवाज हमारे लिये बहुत अनजानी सी थी।'' उन्होंने बताया, ‘‘हमारे आसपास पांच छह तरह की आवाजें आ रही थीं, जिसमें से कुछ आवाजें बहुत अनजानी सी थी। हमें नहीं पता था कि यह आवाज किस चिड़िया की है, लेकिन फिर हमे लगा कि यह आवाज नाइट पैरेट की हो सकती है।''

उन्होंने बताया कि अगले दिन हम उस इलाके में घूमने के लिये गये, तभी एक चिड़िया बिल्कुल हमारे पैरों के पास से निकल गयी। उस समूह में शामिल एक अन्य सदस्य ब्रूस गेटविच हालांकि उस चिड़िया की तस्वीर लेने में सफल हो गये। करीब एक सदी पहले पश्चिमी आस्ट्रेलिया में यह पक्षी देखा गया था। इसके बाद साल 2000 में इसे देखे जाने की अफवाह उड़ी थी, लेकिन उस समय इसे देखे जाने का कोई प्रमाण नहीं था।

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Tags:
  • नाइट पैरेट
  • आस्ट्रेलिया की चिड़िया
  • आस्ट्रेलिया की रहस्यमयी चिड़िया

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.