48°C तक पहुंचा पारा, झुलस रहे यूपी-राजस्थान; बिहार और दिल्ली में हीटवेव का खतरा बढ़ा
उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि बिहार के कई जिलों में हीटवेव और दूसरी तरफ आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है। राजस्थान और दिल्ली में भी लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही।
उत्तर प्रदेश में 3 दिन का रेड अलर्ट
उत्तर प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी ने हालात बेहद गंभीर कर दिए हैं। आईएमडी के मुताबिक राज्य के दक्षिणी हिस्सों में गर्म और उमस भरी पछुआ हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट मौसम विभाग की सबसे गंभीर चेतावनी मानी जाती है, जिसका मतलब है कि लोगों को तुरंत सावधानी बरतने की जरूरत है।
बांदा एक बार फिर देश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में 46.4 डिग्री, हमीरपुर में 46.2 डिग्री और झांसी में 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। अलीगढ़, वाराणसी और हरदोई में भी पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में किसी सक्रिय मौसम प्रणाली का न होना, साफ आसमान, तेज सौर विकिरण और शुष्क मौसम हीटवेव की बड़ी वजह बन रहे हैं। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि दक्षिणी उत्तर प्रदेश में गर्म और नमी वाली पछुआ हवाओं का असर बना रहेगा।
दिल्ली में भी ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली में भी भीषण गर्मी जारी है। मौसम विभाग ने राजधानी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक गर्म रातें भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं, क्योंकि रात में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है।
बिहार में कहीं लू तो कहीं बारिश का अलर्ट
बिहार में मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण बिहार के कई जिलों में दिन और रात दोनों समय हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। अरवल, भोजपुर, बक्सर, औरंगाबाद, भभुआ और रोहतास जिलों में गर्म दिन और गर्म रात के साथ हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पटना और आसपास के इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
वहीं समस्तीपुर, शिवहर, अररिया, किशनगंज, सुपौल, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और बारिश की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्णिया के डगरुआ में सबसे ज्यादा 135.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास) 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बिहार का सबसे गर्म इलाका रहा।
राजस्थान में अभी राहत नहीं
राजस्थान के कई जिलों में तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज की गई है, लेकिन लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली है। जैसलमेर, चूरू, बीकानेर, भीलवाड़ा और कोटा में तापमान सामान्य के करीब पहुंचा, फिर भी लू का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 24 मई के बाद राज्य में हीटवेव और तेज हो सकती है। हालांकि उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना भी जताई गई है।
अगले कुछ दिन बेहद मुश्किल
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर भारत में मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। कई राज्यों में दिन के साथ रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।