एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाकर यूपी ने रचा इतिहास, 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान बना मिसाल

Gaon Connection | Jul 13, 2026, 12:19 IST
उत्तर प्रदेश में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ 13 लाख 19 हज़ार 444 पौधे लगाकर नया रिकॉर्ड बनाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चले इस महाअभियान में वन विभाग सहित 27 सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने भाग लिया। पीपल, नीम, बरगद, आम समेत कई प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सरकार इसे पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का दीर्घकालिक अभियान बना रही है।

पेड़ सिर्फ़ हरियाली ही नहीं बढ़ाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और जलवायु संतुलन की भी नींव रखते हैं। इसी सोच के साथ उत्तर प्रदेश में रविवार को बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में लोगों, जनप्रतिनिधियों, सरकारी विभागों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी के साथ एक ही दिन में करोड़ों पौधे लगाए गए।



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत प्रदेश ने एक दिन में 35 करोड़ 13 लाख 19 हज़ार 444 पौधे लगाकर तय लक्ष्य हासिल किया। सरकार का कहना है कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जनभागीदारी के ज़रिये पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने का व्यापक अभियान बनाया जाएगा।



मुख्यमंत्री से लेकर राज्यपाल तक ने किया पौधारोपण, 27 विभागों ने संभाली ज़िम्मेदारी

महाअभियान के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ स्थित जन भवन में पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे पौधा लगाया। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झाँसी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बाराबंकी में पौधारोपण अभियान में हिस्सा लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ विश्वविद्यालय में पौधा लगाया। प्रदेश सरकार ने सभी मंत्रियों को अलग-अलग ज़िलों की ज़िम्मेदारी सौंपी थी। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस अभियान में वन विभाग के साथ 26 अन्य सरकारी विभागों ने भी भाग लिया। पूरे अभियान की निगरानी और पौधारोपण का रिकॉर्ड वन विभाग के सॉफ़्टवेयर पर ऑनलाइन अपलोड किया गया।



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान की सफलता पर सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, किसानों, मातृशक्ति, युवाओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों और सरकारी कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ आह्वान के तहत उत्तर प्रदेश ने प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ा है।



पीपल से लेकर आम तक लगाए गए पौधे, शिक्षा विभागों ने भी निभाई अहम भूमिका

वन विभाग ने इस अभियान के लिए स्थानीय जलवायु के अनुकूल पीपल, बरगद, पाकड़, गूलर, नीम, शीशम, जामुन, महुआ, आम, इमली, सहजन और गुलमोहर जैसी फलदार, छायादार और पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए। अभियान में शिक्षा विभागों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। उच्च शिक्षा विभाग ने 20,02,150 पौधे लगाए। बेसिक शिक्षा विभाग ने 12 लाख, माध्यमिक शिक्षा विभाग ने 11 लाख, प्राविधिक शिक्षा विभाग ने 5 लाख और व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग ने 2.60 लाख पौधों का रोपण किया।



सरकार का कहना है कि इस महाअभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए इसे जनआंदोलन का रूप देना है, ताकि हरियाली बढ़ाने के साथ जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का भी प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

Tags:
  • Uttar Pradesh
  • Mega Plantation Drive
  • Ek Ped Maa Ke Naam
  • Yogi Adityanath
  • Tree Plantation
  • Environment
  • Afforestation
  • Forest Department
  • Climate Change
  • Green Campaign