अगले कुछ घंटों में बिगड़ सकता है मौसम, बारिश-आंधी को लेकर 15 राज्यों में IMD का अलर्ट, 90 Km/h तक चलेंगी हवाएं

Gaon Connection | Jun 12, 2026, 10:56 IST
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 85 से 90 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, राजस्थान, झारखंड और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में भारी बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा

देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के दौरान उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, राजस्थान, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत 15 राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 85 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।



IMD के मुताबिक दक्षिण पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है, जिसके प्रभाव से कई राज्यों में बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। विभाग ने मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं पांच राज्यों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।



15 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट

IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और असम में बारिश और आंधी की संभावना है। कई स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।



दिल्ली में तेज आंधी और बारिश के आसार

मौसम विभाग ने दिल्ली में 12 जून को तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चेतावनी

आईएमडी ने मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, बुलंदशहर, रामपुर, सीतापुर, बहराइच, हमीरपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश, आंधी और बड़े ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।



बिहार में कई जिलों पर बारिश का खतरा

पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में मध्यम से भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



झारखंड में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट

रांची, पलामू, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, दुमका, साहिबगंज, हजारीबाग और जमशेदपुर में भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। यहां 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।



उत्तराखंड और हिमाचल में भी मौसम बिगड़ेगा

रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन, शिमला, सिरमौर, ऊना और हमीरपुर में भी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।



जम्मू-कश्मीर और पंजाब में भी चेतावनी

उधमपुर, अनंतनाग, कठुआ, राजौरी, पुंछ, कुपवाड़ा और जम्मू में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। वहीं पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, एसएएस नगर, फिरोजपुर, अमृतसर, कपूरथला, संगरूर, पटियाला और लुधियाना में मूसलाधार बारिश और 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।



राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी असर

राजस्थान के हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, उदयपुर, जोधपुर, अजमेर, भरतपुर, धौलपुर, सीकर और जैसलमेर में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में धूल भरी हवाएं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, धार, उज्जैन, झाबुआ, रतलाम, विदिशा, रायसेन, कटनी, बालाघाट, बैतूल, भिंड, दमोह, दतिया, मंदसौर और मुरैना में भी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।

Tags:
  • IMD Weather Alert
  • Heavy Rainfall
  • Thunderstorm Warning
  • Delhi Weather
  • UP Weather
  • Bihar Rain Alert
  • Strong Winds
  • Hailstorm Alert
  • Monsoon Update
  • Weather Forecast India