स्कूल चलो अभियान को मिली नई रफ़्तार, सीएम योगी ने की सहारनपुर से दूसरे चरण की शुरुआत, बच्चों को बाँटीं किताबें और बैग

Gaon Connection | Jul 01, 2026, 13:52 IST
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर से 'स्कूल चलो अभियान' के दूसरे चरण की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन, विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान और ड्रॉपआउट छात्रों की दोबारा स्कूल में वापसी सुनिश्चित करना है। इस दौरान उन्होंने सहारनपुर को 620 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 11 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी और बच्चों को किताबें, बैग व स्टेशनरी वितरित की।

उत्तर प्रदेश में नए शैक्षिक सत्र के दौरान अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर से राज्यव्यापी 'स्कूल चलो अभियान' के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी। अभियान के तहत विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों की पहचान, उनका नामांकन, ड्रॉपआउट बच्चों की दोबारा स्कूलों में वापसी और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष ज़ोर दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना है।



शिक्षा अभियान के साथ मुख्यमंत्री ने सहारनपुर को विकास परियोजनाओं की भी बड़ी सौगात दी। उन्होंने जनपद की सहारनपुर नगर और सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्रों के लिए 620 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 11 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा और क्षेत्रीय विकास को एक साथ आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।



बच्चों को बाँटीं किताबें, बैग और स्टेशनरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर के इस्माइलपुर ग्राम स्थित मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को नए शैक्षणिक सत्र की पाठ्यपुस्तकें, स्कूल बैग और स्टेशनरी वितरित की। इस अवसर पर जनपद के उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाध्यापकों को भी सम्मानित किया गया।



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उनका कहना था कि यदि कोई बच्चा स्कूल से दूर रह जाता है, तो यह केवल उसके परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र का नुकसान है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर, उद्यमी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों में देश का नेतृत्व करेंगे। इसलिए हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना और राष्ट्र निर्माण के योग्य नई पीढ़ी तैयार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।



अभियान के दूसरे चरण में विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन कराने, पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को दोबारा विद्यालयों से जोड़ने, अभिभावकों को जागरूक करने तथा जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।



सहारनपुर को 620 करोड़ रुपये से अधिक की 11 विकास परियोजनाओं की सौगात

स्कूल चलो अभियान की शुरुआत के बाद मुख्यमंत्री महाराज सिंह डिग्री कॉलेज ग्राउंड पहुँचे, जहाँ उन्होंने सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र की 612 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली आठ विकास परियोजनाओं तथा सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र की 7 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली तीन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।



इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मज़बूत करने और स्थानीय विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया गया है। सरकार का कहना है कि शिक्षा और विकास को साथ लेकर चलने की इस पहल से एक ओर बच्चों का विद्यालयों से जुड़ाव बढ़ेगा, वहीं दूसरी ओर जनपद में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी तेज़ होगा।

Tags:
  • School Chalo Abhiyan
  • Yogi Adityanath
  • Saharanpur
  • Uttar Pradesh Education
  • School Enrollment
  • Dropout Students
  • UP Development Projects
  • Government Schools
  • Education Campaign
  • UP News