पर्यावरण संरक्षण की बड़ी पहल, यूपी की 13 प्रमुख नदियों के किनारे लगेंगे 3.83 करोड़ पौधे, वन विभाग ने पूरी की तैयारी

Gaon Connection | Jul 08, 2026, 15:26 IST
उत्तर प्रदेश सरकार पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत प्रदेश की 13 प्रमुख नदियों के किनारे 3.83 करोड़ से अधिक पौधे लगाएगी। इसके लिए 2,673 स्थानों पर 22,240.11 हेक्टेयर क्षेत्र चिह्नित किया गया है। सबसे अधिक पौधरोपण यमुना नदी के किनारे होगा, जबकि गंगा तट पर भी बड़े स्तर पर अभियान चलेगा। वन विभाग ने अभियान की तैयारियाँ पूरी कर ली हैं और इसे उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और नदियों के किनारों को हराभरा बनाने के लिए योगी सरकार पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत बड़े स्तर पर अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान के दौरान प्रदेश की 13 प्रमुख नदियों के किनारे 3.83 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए नदियों के तट से पाँच किलोमीटर की परिधि में 2,673 स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहाँ 22,240.11 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में पौधरोपण किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य पौधरोपण के ज़रिये नदियों के तट क्षेत्रों को हरित बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मज़बूती देना है।



वन विभाग के अनुसार, अभियान के तहत गंगा, यमुना, गोमती, सरयू, सई, बेतवा, राप्ती, छोटी गंडक, सोन, रामगंगा, केन, हिंडन और चंबल नदी के किनारे पौधे लगाए जाएंगे। इनमें सबसे अधिक पौधरोपण यमुना नदी के तट क्षेत्र में किया जाएगा, जबकि गंगा नदी के किनारे भी बड़े स्तर पर पौधरोपण की तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वन विभाग ने अभियान की तैयारियाँ पूरी कर ली हैं और इसे उत्सव के रूप में आयोजित करने की योजना बनाई गई है।



यमुना तट पर लगेंगे सबसे अधिक पौधे, गंगा किनारे भी चलेगा बड़ा अभियान

वन विभाग के अविरल धारा पौधरोपण कार्यक्रम के तहत यमुना नदी के कैचमेंट क्षेत्र में सबसे बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए 647 स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहाँ 6,531.77 हेक्टेयर क्षेत्र में 1 करोड़ 8 लाख 18 हज़ार 731 पौधे लगाए जाएंगे।



वहीं गंगा नदी के किनारे 603 स्थानों पर 4,495.72 हेक्टेयर क्षेत्र में 79 लाख 86 हज़ार 512 पौधे रोपे जाएंगे। यह अभियान प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, वाराणसी, गाज़ीपुर, मिर्ज़ापुर, भदोही, काशी वन्यजीव और बलिया सहित गंगा किनारे स्थित वन प्रभागों में चलाया जाएगा।



गोमती नदी के किनारे 297 स्थानों पर 1,521.50 हेक्टेयर क्षेत्र में 31 लाख 37 हज़ार 845 पौधे लगाए जाएंगे। सरयू/घाघरा नदी के किनारे 254 स्थानों पर 1,635.58 हेक्टेयर में 27 लाख 75 हज़ार 860 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। सई नदी के किनारे 238 स्थानों पर 1,032.52 हेक्टेयर क्षेत्र में 23 लाख 29 हज़ार 609 पौधे लगाए जाएंगे।



13 नदियों के किनारे होगा पौधरोपण, वन विभाग ने पूरी की तैयारी

अभियान के तहत बेतवा नदी के किनारे 171 स्थानों पर 3,281.76 हेक्टेयर क्षेत्र में 52 लाख 35 हज़ार 132 पौधे लगाए जाएंगे। राप्ती नदी के किनारे 155 स्थानों पर 1,037.67 हेक्टेयर में 16 लाख 60 हज़ार 272 पौधे रोपे जाएंगे। छोटी गंडक के किनारे 105 स्थानों पर 513 हेक्टेयर क्षेत्र में 8 लाख 20 हज़ार 800 पौधे लगाए जाएंगे। इसी तरह सोन नदी के किनारे 67 स्थानों पर 970.63 हेक्टेयर क्षेत्र में 14 लाख 77 हज़ार 158 पौधे, रामगंगा नदी के किनारे 51 स्थानों पर 268.51 हेक्टेयर में 4 लाख 49 हज़ार 978 पौधे, केन नदी के किनारे 39 स्थानों पर 667.90 हेक्टेयर में 10 लाख 68 हज़ार 381 पौधे, हिंडन नदी के किनारे 33 स्थानों पर 131.55 हेक्टेयर में 3 लाख 16 हज़ार 480 पौधे और चंबल नदी के किनारे 13 स्थानों पर 152 हेक्टेयर क्षेत्र में 2 लाख 28 हज़ार 200 पौधे लगाए जाएंगे।



वन विभाग के अनुसार, प्रदेश की 13 नदियों के तट से पाँच किलोमीटर की परिधि में कुल 2,673 स्थानों पर 22,240.11 हेक्टेयर क्षेत्र को हरित किया जाएगा और इसके लिए 3 करोड़ 83 लाख 4 हज़ार 958 पौधे रोपे जाएंगे।



मुख्य वन संरक्षक (प्रचार/प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि पौधरोपण महायज्ञ-2026 के दौरान वन विभाग प्रदेश की 13 प्रमुख नदियों के किनारे अविरल धारा पौधरोपण अभियान चलाएगा। माँ गंगा, माँ यमुना, माँ सरयू समेत सभी प्रमुख नदियों के तट से पाँच किलोमीटर की परिधि में पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 3.83 करोड़ से अधिक पौधे लगाने की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में इस अभियान को पौधरोपण महायज्ञ के रूप में उत्सव की तरह मनाया जाएगा।

Tags:
  • Plantation Mahayagya 2026
  • Uttar Pradesh
  • Yogi Government
  • Tree Plantation
  • Ganga River
  • Yamuna River
  • Forest Department
  • River Plantation
  • Environment Conservation
  • Afforestation