UP Police Recruitment 2026: यूपी में पुलिस भर्ती का बड़ा प्लान, 81 हजार से ज्यादा नौकरियाँ आएंगी
UP Jobs Update: उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती को लेकर एक बड़ा ऐलान सामने आया है, जिसने नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। Yogi Adityanath ने कहा है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान यूपी पुलिस में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। यह जानकारी पुलिस विभाग की कार्ययोजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान दी गई, जिसमें कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जिसके बाद उत्तर-प्रदेश के आधिकारिक सोशल मीडिया X हैंडल से भी इस जानकारी की पुष्टि की गई।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो और सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात पुलिसकर्मियों को हटाकर नई तैनाती देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और नई ऊर्जा बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि हर जिले में कम से कम एक हाईड्रोलिक फायर टेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे आपात स्थितियों से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यह भर्ती अभियान न केवल युवाओं को रोजगार देगा, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और तेज करने, तकनीकी संसाधनों के उपयोग को बढ़ाने और फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। कुल मिलाकर, यह पहल प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए बड़े अवसर का द्वार खोलने वाली मानी जा रही है।
81,000 से अधिक पदों पर बंपर भर्ती
यूपी पुलिस में 81,000 से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी पूरी हो चुकी है। इन पदों में-
- आरक्षी नागरिक पुलिस (UP Police Constable)
- उपनिरीक्षक (UP SI - दरोगा)
- रेडियो सहायक परिचालक
- कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए
- पुलिस उपनिरीक्षक - गोपनीय (SI Confidential) पद शामिल हैं
यह भर्ती उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगी और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 को युवाओं के लिए रोजगार का स्वर्णिम वर्ष बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
पारदर्शिता और तकनीक पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) को निर्देश दिया है कि सभी सीधी भर्तियों को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और आरक्षण नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। भर्ती में 'शुचिता और तकनीक' पर जोर देते हुए सीएम योगी ने साफ लहजे में कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पारदर्शी कार्यप्रणाली के तहत भर्ती को पूरी तरह तकनीक आधारित बनाया जाएगा ताकि युवाओं का विश्वास और मजबूत हो। सभी चरणों, जैसे परीक्षा, शारीरिक दक्षता और परिणाम के लिए एक सख्त टाइमलाइन तय करने के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी पुलिस का आधुनिकीकरण
सिर्फ भर्ती ही नहीं, यूपी पुलिस को आधुनिक बनाने के लिए भी कई बड़े फैसले लिए गए हैं। इनमें PRV-112 का रिस्पांस टाइम सबसे मुख्य है। वर्तमान में पुलिस के पहुंचने का समय 6 मिनट है, जिसे और कम करने के लिए नई गाड़ियां और डेटा आधारित पेट्रोलिंग शुरू होगी। साइबर सुरक्षा को लेकर भी ध्यान रखा गया है। पिछले एक साल में यूपी पुलिस ने ₹425.7 करोड़ की साइबर ठगी रोकी है। अब 1930 हेल्पलाइन को और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। इसके अलावा 'एक तहसील-एक फायर टेंडर' के तहत हर जिले में हाइड्रोलिक फायर टेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। ई-ऑफिस के लिए सभी 75 जिलों के पुलिस रेडियो विभाग में डिजिटल व्यवस्था लागू कर दी गई है।
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
81,000 से अधिक पदों पर भर्ती से बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी। यह उत्तर प्रदेश सरकार की युवाओं को रोजगार प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस बल का विस्तार आवश्यक है। तकनीकी सहायता से भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। समयबद्ध भर्ती से रिक्त पदों को शीघ्र भरा जा सकेगा। यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात है।