सेहत से खिलवाड़! दिल्ली में नकली ENO और Nescafé कॉफी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, ₹20 लाख का माल जब्त,
राजधानी दिल्ली में सेहत से जुड़ी चीजों के नाम पर बड़ा खेल सामने आया है। मधु विहार इलाके में पुलिस ने ऐसी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जहां नकली ENO और Nescafé कॉफी धड़ल्ले से तैयार कर बाजार में बेची जा रही थी। जिस प्रोडक्ट को लोग गैस और एसिडिटी में राहत के लिए इस्तेमाल करते हैं, वही यहां जानलेवा तरीके से बनाया जा रहा था। छापेमारी के दौरान जो नजारा सामने आया, उसने जांच एजेंसियों को भी चौंका दिया।
फैक्ट्री में चल रहा था बड़े स्तर पर नकली उत्पादन
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर दो अवैध यूनिट पकड़ीं। यहां मशीनों पर तेजी से नकली ENO और कॉफी के पैकेट तैयार किए जा रहे थे और उन्हें असली ब्रांड जैसा पैक कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक यह सामान थोक और रिटेल नेटवर्क के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाया जा रहा था। इस कार्रवाई में करीब 20 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।
छापे में मिला खतरनाक सामान
पुलिस को मौके से तीन पैकिंग मशीनें, लगभग 1 लाख ENO के तैयार सैशे, करीब 50 हजार नकली कॉफी पैकेट, 500 किलो कॉफी पाउडर, एसिड से भरे ड्रम, पैकिंग रोल, स्टिकर और कार्टन मिले। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में बेहद तेजी से पैकिंग का काम चल रहा था, जिससे साफ है कि यह कारोबार बड़े पैमाने पर किया जा रहा था।
चार आरोपी गिरफ्तार, कई चौंकाने वाले खुलासे
इस मामले में पुलिस ने उत्तम दास, पपाई दास उर्फ पंकज, नितिन भारद्वाज और संजय बंसल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी किराये के फ्लैट में पिछले दो महीने से यह अवैध काम कर रहे थे। फरार आरोपी नितिन को देहरादून से पकड़ा गया, जबकि एक अन्य आरोपी को दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से गिरफ्तार किया गया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी साफ कर दिया कि जब्त किए गए उत्पाद उनके नहीं हैं और आरोपियों को कोई अधिकृत लाइसेंस नहीं दिया गया था।
सेहत के लिए बड़ा खतरा, जांच तेज
अधिकारियों के अनुसार, नकली ENO जैसे प्रोडक्ट सीधे लोगों की सेहत से जुड़े होते हैं, ऐसे में इनका घटिया और केमिकल से बना होना बेहद खतरनाक हो सकता है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने खाद्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब जांच एजेंसियां इस नेटवर्क के बाकी कड़ियों को तलाशने में जुटी हैं।