गर्मी में बदलता पेशाब का रंग है खतरे का संकेत! ऐसा दिखे तो हो सकते हैं डिहाइड्रेट, स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी सलाह
देश के कई हिस्सों में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को सतर्क रहने और शरीर को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जागरूकता पोस्ट साझा करते हुए कहा कि डिहाइड्रेशन से बचने के लिए प्यास लगने का इंतजार न करें, बल्कि समय-समय पर पानी पीते रहें। मंत्रालय ने यह भी बताया कि शरीर में पानी की कमी का अंदाजा पेशाब के रंग से लगाया जा सकता है।
पेशाब का रंग बता सकता है शरीर में पानी की कमी
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अगर पेशाब का रंग हल्का या लगभग साफ दिखाई दे रहा है, तो इसका मतलब है कि शरीर में पानी की मात्रा ठीक है। अगर रंग हल्का पीला हो रहा है, तो यह संकेत हो सकता है कि शरीर को और पानी की जरूरत है। वहीं गहरा पीला रंग डिहाइड्रेशन का संकेत माना जा सकता है। मंत्रालय ने लोगों को सलाह दी है कि गर्मी में नियमित रूप से पानी पीते रहें और शरीर में पानी की कमी के संकेतों को नजरअंदाज न करें।
गर्मी में क्यों बढ़ता है डिहाइड्रेशन का खतरा?
तेज गर्मी में शरीर से पसीने के जरिए लगातार पानी निकलता रहता है। अगर समय पर पानी नहीं पिया जाए, तो कमजोरी, चक्कर, सिरदर्द और हीट स्ट्रेस जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसी वजह से स्वास्थ्य मंत्रालय ने “Stay Hydrated” और “Beat The Heat” अभियान के तहत लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।
खुद को गर्मी से कैसे बचाएं?
स्वास्थ्य मंत्रालय के पोस्टर में लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा ये सावधानियां अपनाने को कहा गया है।
- हल्के और ढीले कपड़े पहनें
- सिर और शरीर को ढककर रखें
- सीधे धूप में ज्यादा देर न रहें
- घर को ठंडा और हवादार रखें
इन चीजों से दूरी बनाने की सलाह
मंत्रालय ने लोगों को ज्यादा चाय, कॉफी, शराब और मीठे ड्रिंक्स से बचने की सलाह भी दी है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। इसके साथ ही बच्चों और पालतू जानवरों को बंद गाड़ियों में अकेला छोड़ने से भी बचने को कहा गया है।
शरीर के संकेतों को नजरअंदाज न करें
अगर लगातार तेज प्यास, कमजोरी, चक्कर या शरीर ज्यादा गर्म महसूस होने लगे, तो इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि गर्मी के मौसम में छोटी सावधानियां और पर्याप्त पानी पीने की आदत शरीर को डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रेस जैसी समस्याओं से बचाने में मदद कर सकती हैं।