Assam Ground Report: बाढ़ में उजड़ा घर, पानी उतरा, लेकिन छोड़ गया तबाही के निशान
Umang | Aug 03, 2026, 12:09 IST
असम के गोलाघाट जिले में बाढ़ ने लोगों की ज़िंदगी पूरी तरह बदल दी है। गाँव कनेक्शन की टीम से बातचीत में प्रकाश शर्मा ने बताया कि उनकी 15 गायें बाढ़ में बह गईं। प्रकाश शर्मा ने बताया कि कुछ गायों को बचाने की कोशिश में उन्हें खुला छोड़ दिया गया था, लेकिन कई गायें कमरे में बंद रह गईं और पानी भरने से डूबकर मर गईं। जो खुली थीं, उनमें से कई तेज़ बहाव में बह गईं और कुछ का आज तक पता नहीं चल पाया। प्रकाश शर्मा कहते हैं, "पानी इतना तेज़ था कि कई गायें बह गईं। जो कमरे में थीं, वे डूब गईं। आज भी कई मवेशियों के शव अलग-अलग जगहों से निकल रहे हैं।"पानी उतरने के बाद अब सबसे बड़ी चुनौती घरों की सफ़ाई है। घरों के भीतर कई फ़ीट तक गाद जमा हो गई है। बिस्तर, कपड़े, अनाज, फ़र्नीचर, बर्तन और रोज़मर्रा का सामान सब कुछ ख़राब हो चुका है। लोग फावड़ों और तसलों से गाद निकाल रहे हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता कि घर को पहले जैसा बनने में कितना समय लगेगा। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों की मेहनत से बनाया गया घर कुछ घंटों की बाढ़ में तबाह हो गया। अब दोबारा सब कुछ जुटाना आसान नहीं होगा।