प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करेगी हरियाणा सरकार, 15 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदन

गाँव कनेक्शन | Jan 07, 2022, 08:03 IST
Share
खेती को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करेगी, जिसके लिए किसान 15 जनवरी तक कृषि विभाग की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
famers
प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करेगी हरियाणा सरकार
अगर आप हरियाणा के किसान हैं और खेती में कुछ नया कर रहे हैं तो आप भी मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।

हरियाणा सरकार ने 'मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना' (Mukhyamantri Pragatisheel Kisan Samman Yojana) शुरू की है, जिसके तहत प्रथम, द्वीतीय व तृतीय स्तर पर क्रमश: 5 लाख, तीन लाख व 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। पहला पुरस्कार एक किसान, दूसरा दो किसान और तीसरा पांच किसानों को मिलेगा।

यही नहीं जिला स्तर पर भी सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा, जिसके तहत 88 किसानों को 50-50 हजार रुपये का अवार्ड भी मिलेगा। सरकार कुल 96 किसानों को 60,00,000 रुपये का पुरस्कार देगी।

पुरस्कार के लिए किसान 15 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। खेती में नए प्रयोग, कम पानी में खेती, फसल अवशेष प्रबंधन, जैविक व प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्राथमिकता से सम्मान के लिए चुना जाएगा।

पुरस्कार के लिए प्रगतिशील किसान कृषि विभाग की वेबसाइट (www.agriharyana.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यही नहीं किसान सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कृषि विभाग के टोल फ्री नंबर (1800 180 2117) पर भी संपर्क कर अधिक जानकारी पा सकते हैं।

मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना के लिए चयन के लिए राज्य स्तर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के महानिदेशक और जिला स्तर पर उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है।सम्मानित किसानों के माध्यम से दूसरे किसानों को खेती में नए प्रयोगों के लिए प्रेरित किया जाएगा।

राज्य स्तर पर पहला पुरस्कार पाने वाले किसान को पांच लाख रुपए, दूसरे पुरस्कार में दो किसान को तीन-तीन लाख रुपए और तीसरे स्थान पर आने वाले पांच किसानों को 1-1 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। यही नहीं जिला स्तर पर भी किसानों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें 22 जिलों के 4-4 किसानों को 50-50 हजार रुपए का इनाम मिलेगा।

Tags:
  • famers
  • haryana
  • story