ऐसे करें ऊनी कपड़ों की देखभाल

गाँव कनेक्शन | Nov 14, 2016, 14:01 IST
Readymade sweaters
सर्दियों ने दस्तक दे दी है और एक बार फिर अलमारियों और पलंग की दराजों से ऊनी कपड़े बाहर निकल आए हैं। ऊनी कपड़ों की साज-संभाल, धुलाई, सफाई और देखभाल करने के लिए कुछ घरेलू उपाय अपनाकर आप परेशानी से बच सकती हैं-

ऊनी कपड़ों की देखभाल आम कपड़ों से बिलकुल अलग तरीके से की जाती है। घर के बुने स्वेटर और रेडीमेड स्वेटर की भी सफाई के दो अलग तरीके हैं। स्वेटर की उम्र इस बात से भी बढ़ती है कि आप सर्दियों के बाद उन्हें किस तरह से और कहां स्टोर करके रखती हैं।

सही धुलाई का तरीका

  • जब भी ऊनी कपड़ों को बंद अलमारी या दराजों से बाहर निकालें, उन्हें झाड़ें और टिश्यू में हल्का सा पानी छिड़क कर कपड़ों की सफाई करें और कम से कम दो-तीन घंटे धूप में दिखाएं। अगर अपने पिछले साल ऊनी कपड़ों को पैक करते समय उनकी धुलाई नहीं की है तो ऐसा करना और भी जरूरी है। ऊनी कपड़ों में अमूमन फंगस लग जाता है।
  • अगर कपड़ों से बदबू आ रही है तो धोने की बजाय उन्हें कागज पर फैला कर रखें और अच्छी तरह से धूप दिखाएं। इसके बाद ठंडे पानी में हल्का डिटर्जेट या ऊनी कपड़ों का डिटर्जेट डाल कर दस मिनट भिगो दें। फिर उन्हें हैंगर की सहायता से या कुरसी पर फैला कर धूप में सुखाएं। ऊनी कपड़ों को गर्म पानी में ना धोएं। रोएं निकल जाते हैं। पानी ठंडा रखें, जिस डिटर्जेंट से आप आम कपड़े धोती हैं, उनका इस्तेमाल ना करें।
  • अगर आपके पास ऊनी कपड़ों का डिटर्जेट नहीं है तो बच्चों का शैंपू या साबुन का हल्का घोल बना लें। इससे स्वेटर साफ करें। ऊनी कपड़ों में अगर दाग लग जाए तो टिश्यू पेपर में हल्का- सा साबुन लगा कर हल्के हाथों से पोछें। घर के दूसरे कपड़े की तरह स्वेटर की धुलाई नियमित ना करें। अगर आपको लग रहा है कि स्वेटर गंदा हो गया है तो उसे ठंडे पानी में पांच मिनट के लिए भिगो दें। फिर धोएं।
  • अगर आप ऊनी कपड़े धोने के लिए वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल करती हैं तो मान कर चलिए कि आप अपने कपड़े की उम्र घटा रही हैं। ऊनी कपड़ों को कभी ड्रायर में ना सुखाएं। इससे कपड़े सिकुड़ जाएंगे।
  • जब भी आप ऊनी कपड़ों को पैक करें, ऐसी जगह रखें, जहां हवा आती हो। बेहतर होगा कि आप मलमल के कपड़े या कागज में ऊनी कपड़ों को पैक करें। बिना हवा लगे ऊनी कपड़े जल्दी खराब हो जाते हैं और धागे कमजोर हो कर टूटने लगते हैं। कम जगह में ढेर सारे ऊनी कपड़ों को न रखें। इससे आपके कपड़ों के खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। अगर वॉर्डरोब में जगह कम है तो गर्मी के कपड़ों को भीतर रख दें।


फोटो साभार: इंटरनेट

दाग हो जाएंगे गायब

  • फलों के दाग को हटाने के लिए दाग के ऊपर सबसे पहले ग्लिसरीन लगाएं और फिर कपड़े को धोएं। दाग गायब हो जाएंगे।
  • कीचड़ के निशान हटाने के लिए पहले ब्रश की मदद से सूखे कीचड़ को हटाएं और उसके बाद गुनगुने पानी से ऊनी कपड़े को धोएं। आप पानी में थोड़ा सा अमोनिया भी मिला सकती हैं।
  • अगर ऊनी कपड़े पर इंक का निशान लग गया हो तो उसके ऊपर टमाटर का जूस लगाने और उसके बाद कपड़े को धोने से निशान हल्के हो जाते हैं।
  • अगर ऊनी कपड़े या कंबल पर तेल का निशान लग गया है तो पहले उस कपड़े के उस हिस्से पर हल्के हाथों से दही लगाएं और कपड़े को धो लें। तेल का निशान गायब हो जाएगा। निशान पर पाउडर छिड़कने से भी निशान हल्का होता है।
  • अगर ऊनी कपड़े के ऊपर चाय गिरा ली है तो तुरंत कपड़े के उस हिस्से पर चीनी छिड़कें। ऐसा करने से दाग गहरा नहीं होगा। कुछ वक्त बाद कपड़े को गुनगुने पानी से धो लें। दाग गायब हो जाएगा।
संकलन: श्रृंखला पाण्डेय

Tags:
  • Readymade sweaters
  • Woolen clothing care

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.