अमेरिका के सिनसिनाटी में सिख परिवार के चार सदस्यों की गोली मार कर हत्या

गाँव कनेक्शन | May 01, 2019, 06:35 IST
#गाँव कनेक्शन
लखनऊ। अमेरिका के सिनसिनाटी में एक सिख परिवार के चार सदस्यों की उनके घर में गोली मार कर हत्या कर दी गई। मरने वालों में तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। न्यूयार्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि वे अमेरिकी पुलिस के साथ संपर्क में हैं।

अमेरिका के वेस्ट चेस्टर पुलिस प्रमुख जोएल हर्जोग ने बताया कि पीड़ितों के एक रिश्तेदार ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मारे गए लोगों की पहचान हकीकत सिंह पनाग (59), उनकी पत्नी परमजीत कौर (62), बेटी शालिन्दर कौर (39) और उनके रिश्तेदार अमरजीत कौर (58) के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि सभी की रविवार रात करीब 9.50 बजे (स्थानीय समयानुसार) गोली मार कर हत्या की गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि चारों लोग की मृत्यु गोली लगने के कारण हुई है। न्यूयार्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने ट्वीट किया, "पीड़ित परिवार के प्रति हम शोक व्यक्त करते हैं। हम पुलिस और परिवार के साथ लगातार संपर्क में हैं। हम आश्वस्त हैं कि अपराधी को न्याय के दायरे में लाया जाएगा।" भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी ट्वीट किया है कि उन्हें अपराध के बारे में जानकारी है और उन्हें नहीं लगता कि यह घृणा अपराध का मामला है।

सुषमा स्वराज ने यह भी जानकारी दी कि हत्या का शिकार हुए लोगों में से एक भारतीय नागरिक था जो अमेरिका की यात्रा पर गया हुआ था। अभी किसी भी संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी है।





(भाषा से इनपुट के साथ)

Tags:
  • गाँव कनेक्शन
  • अमेरिका

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.