अंसारी ने उठाया भारतीय मछुआरे की हत्या का मुद्दा

गाँव कनेक्शन | Mar 08, 2017, 15:10 IST
Sri Lanka
जकार्ता (भाषा)। श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरे की हत्या का मामला उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना के समक्ष उठाया। सिरिसेना ने कहा कि उन्होंने इस घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। समिट ऑफ इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (आईओआरए) से इतर कल जकार्ता में द्विपक्षीय बैठक के दौरान अंसारी ने यह मुद्दा उठाया।

उप राष्ट्रपति से जब पूछा गया कि क्या कथित तौर पर श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिल मछुआरे की हत्या का मामला सिरिसेना के साथ मुलाकात के दौरान उठाया गया था, तो उन्होंने कहा, ‘‘जी हां, इस पर बात हुई।‘‘ जकार्ता के दो दिवसीय दौरे से कल रात लौटते वक्त साथ गए मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान अंसारी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ने कहा कि इस बारे में उन्हें सुबह जानकारी मिली थी और उन्होंने इस बारे में श्रीलंकाई नौसेना के प्रमुख से बात भी की है जिन्होंने कहा है कि श्रीलंकाई बलों की ओर से ऐसी किसी भी घटना को अंजाम नहीं देने की बात कही गयी है।'’ अंसारी के मुताबिक सिरिसेना ने उन्हें बताया कि इस मामले में उन्होंने ‘पूर्ण जांच' के आदेश दिए हैं।

सूत्रों ने बताया कि उप राष्ट्रपति ने सिरिसेना को स्पष्ट रुप से बता दिया है कि श्रीलंका को भरोसा कायम करने के उपायों के तौर पर तमिल मछुआरों से संबंधित लगातार बनी हुई समस्या के बारे में कुछ करना होगा। कच्चातीवू के निकट मछली पकड़ रहे 22 वर्षीय मछुआरे की कल गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तमिलनाडु के मछुआरों ने आरोप लगाया कि श्रीलंकाई नौसेना ने उसकी हत्या की जबकि एक अन्य मछुआरे को घायल कर दिया। इस घटना के अलावा, लगभग 76 भारतीय मछुआरों को श्रीलंका ने बंधक बना रखा है। तमिल मछुआरों से जुड़ी घटनाओं ने तमिलनाडु और अन्य स्थानों पर नाराजगी बढ़ा दी है।

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Tags:
  • Sri Lanka
  • जकार्ता
  • haamid ansari

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.