ग्वालियर मेले में सीख सकते हैं ड्रोन चलाने से लेकर उत्पाद बढ़ाने की तरकीब

गाँव कनेक्शन | Jan 25, 2024, 10:08 IST
राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर में तीन से छह फरवरी तक किसान मेला लगने वाला है, इस बार 'मोटे अनाजों द्वारा पोषण, खाद्यान्न और पर्यावरण सुरक्षा' थीम पर मेले का आयोजन किया जा रहा है।
kisan mela
अगर आप भी मोटे अनाजों की खेती के बारे जानकारी चाहते हैं, तो ग्वालियर चले आइए बढ़िया मौका है। यहाँ ड्रोन सहित आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी होगा।

राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय की तरफ से कृषि मेले में सारी जानकारियाँ एक ही जगह पर दी जाएँगी।

इस मेले में मध्य प्रदेश के साथ ही राजस्थान और उत्तर प्रदेश के किसानों के भी शामिल होने की उम्मीद है। ग्वालियर के इतिहास में किसानों के लिए राष्ट्रीय स्तर का यह पहला मेला है; जहाँ कृषि, उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी, पशु पालन विभाग से संबंधित 150 स्टॉल लगाए जाएँगे। यानी एक ही स्थान पर कृषि से संबंधित हर चीज और हर तकनीक उपलब्ध होगी।

कृषि मेले के पहले दिन 3 फरवरी को उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा जैसे कई मंत्री शामिल होंगे।

मोटे अनाज द्वारा पोषण, प्राकृतिक खेती, खाद्यान्न और पर्यावरण सुरक्षा पर आधारित इस चार दिन के राष्ट्रीय कृषि मेला में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के लगभग 20 हज़ार किसान भागीदारी करेंगे। दूसरे राज्य छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के चुनिंदा किसान भी आएँगे। ग्वालियर जिले के सरकारी और निजी विद्यालय-महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी इस आयोजन में शामिल होंगे।

क्या होगा इस मेला में ख़ास

इस मेले में देश के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केन्द्र, एफपीओ, एनजीओ, सेल्फ हेल्प ग्रुप, निजी कंपनियों द्वारा कृषि, उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी, पशुपालन और उद्यमिता आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

देश और प्रदेश से लगभग 150 कृषि वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ, प्रगतिशील किसान भी मौजूद रहेंगे जो मेले के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्रों में अपने व्याख्यान के माध्यम से किसानों का मार्गदर्शन करेंगे और कृषि से संबंधित नई तकनीक की जानकारी देंगे।

ग्वालियर में मेला कहाँ लग रहा है ?

मेला राजा पंचम सिंह मार्ग पर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय परिसर में लग रहा है। ग्वालियर रेलवे स्टेशन से मेला स्थल की दूरी करीब 3 किलोमीटर है। यहाँ पहुँचने के लिए स्टेशन से टैक्सी और ऑटो आप ले सकते हैं। और अधिक जानकारी के लिए कृषि विश्वविद्यालय के दफ्तर में दिए गए नंबर 0751-2970519 पर फोन कर सकते हैं।

Tags:
  • kisan mela
  • madhyapradesh
  • drone

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.