बुवाई से लेकर कटाई तक, महिला किसानों के काम आसान करेंगे कृषि यंत्र

गाँव कनेक्शन | Aug 24, 2020, 04:45 IST
महिला किसानों के लिए ऐसे बहुत से यंत्र बनाए गए हैं, जिनकी सहायता से खेती में बुवाई, निराई, कटाई जैसे बहुत से काम आसान हो जाएंगे, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
#women farmers
डॉ. दीपाली चौहान

सुबह से शाम तक महिला किसान खेतों में काम करती हैं, लेकिन उनके हिसाब से कृषि यंत्र और कृषि उपकरण न होने से उन्हें परेशानी भी होती है। जो काम एक घंटे में हो सकता है, उसके लिए चार-पांच घंटे देने पड़ते हैं, ऐसे में कुछ कृषि यंत्रों की मदद से महिला किसानों का काम आसान हो सकता है।

कृषि यंत्रों के प्रयोग से मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव से देरी को कम करने के साथ ही समय की बचत, श्रम की ज्यादा उपयोगिता के साथ संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने में आम किसान और महिलाएं सक्षम हो सकती हैं। बढ़ती हुई आबादी के साथ ही उत्पादन में और वृद्धि की आवश्यकता है। कुल मिलाकर महंगी होती हुई खेती और बदलते जमाने के अनुरूप बदल रहे कृषि यंत्रों व उनकी प्राणलियों के महत्व को समझना किसान महिलाओं के लिए बहुत जरूरी हो गया है। महिलाओं की कृषि के विभिन्न क्षेत्र और विभिन्न प्रकार की फसलों में भागीदारी को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के महिला उपयोगी कृषि यंत्रों निर्माण किया गया है।

बुवाई में उपयोगी कृषि यंत्र: नवीन डिबलर व पीएयू सीडड्रिल बुवाई के लिए प्रयोग किए जाने वाले कृषि यंत्र हैं। इन कृषि यंत्रों के प्रयोग से से गेहूं, सोयाबीन, मक्का, चना जैसे मोटे बीजों की पंक्तिबद्ध बुवाई आसानी से की जा सकती है। नवीन डिबलर और पीएयू सीड ड्रिल का प्रयोग खड़ी अवस्था में किया जाता है, जिससे बीजों को बोते समय झुकना नहीं पड़ता, इसलिए यह कृषि यंत्र महिलाओं की शक्ति और समय दोनों की बचत करने में बहुत ही उपयोगी हैं साथ ही कम समय में अधिक क्षेत्रफल में बीजों की बुवाई भी संभव है। लाइन में बुवाई करने से खरपतवार निकालने के लिए यांत्रिक खरपतवार नियंत्रक कृषि यंत्रों का प्रयोग आसानी से किया जा सकता है, इससे भी खरपतवार हटाने में लगने वाले समय और शक्ति की भी बचत होती है। नवीन डिबलर का मूल्य 700 रुपए है जबकि पीएयू सीड ड्रिल का मूल्य 500 रुपए है। इन कृषि यंत्रों को केंद्रीय कृषि अभियंत्रिकी संस्थान, भोपाल से खरीदा जा सकता है।

348140-pu-seed-dril-gaon-connection
348140-pu-seed-dril-gaon-connection

खरपतवार नियंत्रण में उपयोगी कृषि यंत्र: महिला किसान खरपतवार नियंत्रण के लिए सिंगल व्हील हो वीडर, ट्वीनव्हील हो और कोनोवीडर का प्रयोग कर सकती हैं, इन उपकरणों का प्रयोग करने से महिलाओं को जमीन पर उकड़ू बैठकर काम नहीं पड़ता, बल्कि खड़े होकर में आराम से काम किया जा सकता है, जिससे न केवल महिला किसानों के थकान का स्तर कम होता है, बल्कि उनके कार्य करने की क्षमता भी बढ़ जाती है। सिंगल व्हील हो वीडर का मूल्य मात्र 600 रुपए है व ट्वीनव्हील हो वीडर का मूल्य 800 रुपए है। सिगल व्हील हो व ट्वीनव्हील हो केंद्रीय कृषि अभियंत्रिकी संस्थान, भोपाल से खरीदा जा सकता जबकि कोनो वीडर को तमिलनाडू कृषि विश्वविद्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।

348141-single-wheel-hoe-weeder-gaon-connection
348141-single-wheel-hoe-weeder-gaon-connection

खेत में नालियां व मेड़ बनाने में उपयोगी कृषि यंत्र: खेतों में पानी की सिंचाई करने के लिए नालियां बनाने व ऊंचाई पर पौध लगाने के लिए मेड़ बनाने के लिए हैंड रीजर का प्रयोग किया जा सकता है। कृषि यंत्र को चलाने के लिए दो महिलाओं की जरूरत होती है इस यंत्र का प्रयोग खड़ी अवस्था में किया जाता है। इसलिए मेड़ बनाने के लिए महिला किसान को झुकना नहीं पड़ता, जिससे महिलाओं की श्रम व शक्ति की बचत होती साथ महिलाओं की कार्य क्षमता में भी वृद्धि हो जाती है। हैंड रीडर को केंद्रीय कृषि अभियंत्रिकी संस्थान, भोपाल से खरीदा जा सकता है, जिसका मूल्य 700 रुपए है।

फसलों पर उर्वरकों के छिड़काव के लिए उपयोगी कृषि यंत्र: महिलाएं फसलों पर उर्वरकों के छिड़काव के लिए फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर का प्रयोग कर सकती हैं। इसका प्रयोग करने से उर्वरकों का ना केवल एक समान रूप से हल्का छिड़काव हो जाता है, बल्कि छिड़काव करते समय महिलाएं भी यूरिया के दुष्प्रभाव से बची रहती हैं। इस यंत्र के प्रयोग से महिलाओं की कार्य क्षमता लगभग तीन गुना ज्यादा हो जाती है साथ ही थकान का स्तर भी काफी कम हो जाता है। फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्ट का मूल्य 2500 रुपए है, जिसे भी केंद्रीय कृषि अभियंत्रिकी संस्थान, भोपाल से प्राप्त किया जा सकता है।

फसलों की कटाई के लिए उपयोगी कृषि यंत्र: खेतों पर खड़ी फसलों को काटने के लिए किसान महिलाएं दांतेदार हंसिया जिसको इंप्रूव्ड सिकल भी कहते हैं और जो बहुत ही हल्की होती है का प्रयोग कर सकती हैं। इसके प्रयोग से न केवल महिलाओं की कार्य क्षमता में वृद्धि होती है बल्कि श्रम की भी बचत होती है। इसका मूल्य मात्र 50.60 रुपए है।

348142-improved-sickle-scaled
348142-improved-sickle-scaled

बीजों की ग्रेडिंग के लिए उपयोगी कृषि यंत्र: गोल आकार के अनाजों जैसे हरी मटर, सोयाबीन, ज्वार, बाजरा, चना आदि की सफाई और ग्रेडिंग को लिए किसान महिलाएं स्पाईरल सीड ग्रेडर का प्रयोग कर सकती हैं। इसका मूल्य 3000 से 6500 रुपए तक होता है। इसका प्रयोग बहुत ही आसान है और इसके प्रयोग से बहुत ही आसानी से अनाज को दाने छिलके अलग हो जाते हैं। किसान महिलाओं श्रम और शक्ति की बचत के साथ उनकी कार्यक्षमता को बढ़ाने में यह बहुत ही उपयोगी है।

अनाजों की सफाई के लिए उपयोगी कृषि यंत्र: खेतों से लाए गए अनाज मे अनेकों प्रकार की गंदगी जैसे धूल कंकड़, भूसी आदि मिली होती है, जिसे साफ करना भी बहुत जरूरी होता है। इस काम को करने में अत्याधिक श्रम और शक्ति की आवश्यकता होती है। इस कार्य को आसान बनाने के लिए हैंगिंग टाइप ग्रेन क्लीनर सेक होल्डर को साथ बनाया गया है, जिसकी इसकी कार्यक्षमता 225 किलोग्राम प्रति घंटे तथा इसका दाम 5700 रुपए है।

(डॉ दीपाली चौहान, कृषि विज्ञान केंद्र दरियापुर, रायबरेली)






Tags:
  • women farmers
  • agriculture equipment
  • Modern Agriculture Machinery
  • story

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.