चना में वायदा अनुबंधों को एनसीडीईएक्स शुक्रवार से फिर शुरू करेगा, सेबी ने चना वायदा से हठाया प्रतिबंध

Sanjay Srivastava | Jul 13, 2017, 14:54 IST
Share
New Delhi
चना में वायदा अनुबंधों को एनसीडीईएक्स शुक्रवार से फिर शुरू करेगा
नई दिल्ली (भाषा )। प्रमुख जिंस एक्सचेंज एनसीडीईएक्स शुक्रवार से चना में वायदा अनुबंधों को फिर से शुरू करेगा। फसल वर्ष 2016-17 में रिकॉर्ड उत्पादन के बाद किसानों को बेहतर मूल्य दिलाना सुनिश्चित करने के लिए बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने चना के वायदा कारोबार से प्रतिबंध उठा लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।

एनसीडीईएक्स के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि प्रमुख जिंस एक्सचेंज एनसीडीईएक्स शुक्रवार से चना में वायदा अनुबंधों को फिर से शुरू करेगा। सेबी ने सट्टेबाजी रोकने और कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए पिछले वर्ष जून में चना में नया अनुबंध शुरू करने का काम निलंबित कर दिया था। हालांकि, फसल वर्ष 2016-17 (जुलाई से जून) में 2.2 करोड़ टन के रिकॉर्ड दलहन उत्पादन के मद्देनजर घरेलू बाजार में दलहन कीमतों में गिरावट आई है, जिसके कारण चना वायदा कारोबार पर प्रतिबंध हटाने का मामला मजबूत हुआ है।

नाम का खुलासा नहीं करने की इच्छा जताते हुए एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा, ' 'चना वायदा कारोबार से प्रतिबंध हटा लिया गया है।' ' उन्होंने कहा कि एनसीडीईएक्स को चना वायदा अनुबंधों को फिर से शुरू करने की अनुमति दी गई है। कृषि जिंसों की दाम में, फसल वर्ष 2016-17 में भारी फसल उत्पादन की पृष्ठभूमि में मांग और आपूर्ति की स्थिति के आकलन के लिए हुई प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की हाल की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया।

सेबी ने चना वायदा को फिर से शुरू करने की अनुमति दी है। हम इसे शुक्रवार से शुरू करेंगे।
समीर शाह प्रबंध निदेशक-सीईओ एनसीडीईएक्स

शाह ने कहा कि एक्सचेंज कारोबार के लिए नवंबर अनुबंध की पेशकश करेगा। शाह ने कहा कि एक्सचेंज ने तुअर के अनुबंधों के लिए भी अनुमति मांगी है।