मनोज तिवारी दिल्ली भाजपा अध्यक्ष नियुक्त, नित्यानंद राय बिहार भाजपा अध्यक्ष बनाए गए

Sanjay Srivastava | Nov 30, 2016, 12:16 IST
नई दिल्ली (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को मनोज तिवारी को पार्टी की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा सांसद नित्यानंद राय को भाजपा की बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

भाजपा की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, "मनोज तिवारी दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर सतीश उपाध्याय की जगह लेंगे। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगी।"

बयान के अनुसार, भाजपा सांसद नित्यानंद राय को भाजपा की बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद हैं, जबकि नित्यानंद राय बिहार में उजियारपुर सीट से लोकसभा सदस्य हैं।

इससे पहले भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष मंगल पांडे थे। पूर्व अध्यक्षों का कार्यालय बहुत पहले ही समाप्त हो चुका था और बीते कई महीनों से नई नियुक्तियां लंबित थीं।

नित्यानंद राय, यादव समुदाय से आते हैं. यह वही समुदाय है जिस पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की अच्छी पकड़ है।उनकी नियुक्ति को सवर्णों से इतर समुदायों के बीच पैठ बनाने के भाजपा के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

खासतौर पर इसे जातियों के प्रति संवेदनशील राज्य में अन्य पिछडा वर्ग को लुभाने की कोशिश माना जा सकता है जहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जदयू और राजद के गठजोड़ ने करारी शिकस्त दी थी।

Tags:
  • New Delhi
  • amit shah
  • BJP president
  • Delhi BJP President
  • Manoj Tiwari
  • Bihar BJP president
  • Nityanand Rai
  • North-East Delhi MP

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.