उत्तराखंड: सीएम ने कहा चार धाम यात्रा न शुरु होने से लाखों लोगों की आजीविका हुई प्रभावित, जल्द यात्रा के लिए प्रयासरत

गाँव कनेक्शन | Sep 10, 2021, 12:44 IST
रुड़की में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार उत्तरखंड के विकास के लिए अगले 10वर्ष के लिए रोडमैप तैयार कर रही है।
#uttrakhand
रुडकी (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने कोरोना प्रभावित सभी क्षेत्रों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की है। पर्यटन, स्वास्थ्य, परिवहन और आजीविका के क्षेत्र में राज्य सरकार ने करोड़ों की राहत राशि प्रदान की है। कोरोना की लड़ाई में अभूतपूर्व योगदान देने वाले कार्मिकों को भी सम्मान राशि देकर प्रोत्साहित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा शुरू न हो पाने से लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है। सरकार जल्दी से जल्दी यात्रा शुरू करवाने के गंभीर प्रयास कर रही है। इसके लिए सरकार हाईकोर्ट में महत्वपूर्ण तथ्य और दस्तावेज पेश करेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुड़की स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कुल 5871.17 लाख की 56 योजनाओं का लोकार्पण एवं 1206.99 लाख की कुल 11 योजनाओं का शिलान्यास के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान धामी ने कहा कि सीएम धामी ने कहा कि हमारी सरकार उत्तराखण्ड को आदर्श राज्य बनाना चाहती है, इसके लिए राज्य के विकास का अगले 10 वर्ष का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रुड़की का अपना अद्भुत इतिहास है। सबसे पुरानी सैन्य छावनी और आईआईटी औद्योगिक संस्थान यहां स्थित है। इस ऐतिहासिक नगर के विकास में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य की कार्य संस्कृति में सुधार किया जा रहा है। अधिकारियों की जनता के प्रति जवाबदेही तय करने के लिए उन्हें हर कार्य दिवस पर सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार नो पेंडेंसी को आधार बनाकर कार्य करेगी। दफ्तरों में ज्यादा मामले लंबित तो नहीं हैं इसे देखने के लिए मैं खुद जहां जाऊंगा। वहां औचक निरीक्षण करूंगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधामनंत्री नरेन्द्र मोदी जी के हाथों में देश सुरक्षित है। उनके कार्यकाल में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए और दुनिया में भारतवर्ष का गौरव भी बढ़ा। हमारी राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री के पदचिन्हों पर चलते हुए उत्तराखण्ड की निरंतर प्रगति कर रही है।

विधानसभा वार शिलान्यास एवं लोकार्पण

मुख्यमंत्री धामी ने रुड़की विधानसभा हेतु कुल 2413.07 लाख की 29 योजनाओं का लोकार्पण एवं 274.85 लाख की 3 योजनाओं का शिलान्यास किया। झबरेड़ा विधानसभा हेतु कुल 3212.07 लाख की कुल 25 योजनाओं का लोकार्पण एवं 727.12 लाख की कुल 7 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। भगवानपुर विधानसभा हेतु 246.03 लाख की 2 योजनाओं का लोकार्पण किया। इसके अलावा पिरान कलियर विधानसभा हेतु 205.02 लाख की 1 योजना का शिलान्यास किया।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानंद जी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, स्थानीय विधायक प्रदीप बत्रा, विधायक लक्सर संजय गुप्ता, विधायक खानपुर कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, विधायक झबरेड़ा देशराज कर्णवाल एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Tags:
  • uttrakhand
  • chardham yatra
  • story

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.