अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को कोरोना, मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती

गाँव कनेक्शन | Jul 11, 2020, 17:54 IST
बिग बी ने खुद ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी। फिलहाल वह और अभिषेक बच्चन मुंबई के नानावटी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। अनुपम खेर के भी परिवार में उनकी मां सहित चार लोगों के कोविड पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है।
#amitabh bacchan
बॉलीवुड के सबसे बड़े अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बिग बी ने खुद ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी। फिलहाल वह मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती हैं और ईलाज करा रहे हैं।

उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि उनका कोविड टेस्ट हुआ था जिसमें वह पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद उनके परिवार वालों का भी टेस्ट हुआ है, जिसका रिपोर्ट आना अभी बाकी है। फिलहाल जया बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन का एंटीजन टेस्ट निगेटिव आया है, हालांकि अभी भी स्वैब टेस्ट के रिजल्ट का इंतजार है।

बिग बी ने अपने ऐसे मित्रों और रिश्तेदारों से कोविड टेस्ट कराने की अपील की जो उनसे पिछले दस दिनों में मिले हों।

अमिताभ बच्चन के बेटे और अभिनेता अभिषेक बच्चन के भी कोविड पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। वह अभी डॉक्टरों के संपर्क में हैं और जरूरी ट्रीटमेंट ले रहे हैं। उन्होंने भी ट्वीट करके यह जानकारी दी। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है और उन्होंने लोगों को शांत और स्थिर रहने की अपील की है।

वहीं सोशल मीडिया पर उनके चाहने वालों ने दोनों पिता पुत्र अभिनेताओं के जल्द ठीक होने की कामना की है। कोई लिख रहा है कि अमिताभ बच्चन अपने ट्वीट को लेकर इतने संजीदे हैं कि इस खबर को भी ट्वीट करने के लिए उन्होंने सबसे पहले ट्वीट संख्या लिखी है। फैंस ने उम्मीद जाहिर की वह जल्दी ठीक हों और उनकी ट्वीट की संख्या बढ़ती रहे।

इससे पहले शनिवार सुबह प्रसिद्ध अभिनेत्री रेखा के घर के सिक्योरिटी गार्ड के कोविड पॉजिटिव होने की खबर आई थी। इसके बाद उनका बंगला और सोसाइटी सील कर दिया गया।

बृहनमुम्बई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) ने अमिताभ बच्चन के घर जलसा को सील करके उसे कंटेंमेंट क्षेत्र घोषित कर दिया है और उसे सेनेटाइज किया जा रहा है। मुम्बई स्थित अमिताभ बच्चन के दूसरे घर को भी सील करके बीएमसी द्वारा सेनेटाइज किया जा रहा है।

इसी बीच अभिनेता अनुपम खेर के घर से भी उनके मां सहित चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर आई है। दिग्गज अभिनेता खेर ने खुद ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी और कहा कि उनकी मां के साथ भाई, भाभी और भतीजी भी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। चूंकि उनके लक्षण काफी हल्के हैं इसलिए उन्होंने डॉक्टर की सलाह पर खुद को होम कोरन्टीन कर लिया है जबकि मां दुलारी जी को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अनुपम खेर ने खुद का भी कोरोना टेस्ट कराया था लेकिन वह निगेटिव निकले।

Tags:
  • amitabh bacchan
  • story

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.