यमुना एक्सप्रेस वे पर यात्रियों से भरी जनरथ बस पुल से नीचे गिरी, 29 की मौत

गाँव कनेक्शन | Jul 08, 2019, 05:40 IST
यूपी राज्य परिवहन निगम की जनरथ बस पुल से नीचे गिर गई, जिससे 29 लोगों की मौत हो गई।
#yamuna expressway speed limit
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में यात्रियों से भरी एक बस सोमवार को यमुना एक्सप्रेसवे से फिसलकर नीचे नाले में गिर गई जिसमें 29 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जा रही अवध डिपो की जनरथ बस में करीब 50 लोग सवार थे।

अतिरक्ति मुख्य सचिव (सूचना) अवनीश अवस्थी ने बताया, "29 लोगों की मौत हुई है। बस एक नाले में गिरी थी। मृतकों के परिवार को पांच लाख रुपये का मुआवजा देगा। साथ ही हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।"

सीएम ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर शोक जताया है और इसकी जांच एक समिति से कराने के आदेश दिए हैं। आदित्यनाथ ने आगरा के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि घायलों को सही उपचार मिले। साथ ही उन्होंने उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को तत्काल दुर्घटनास्थल पर पहुंचने के लिए कहा है।







अवस्थी ने बताया, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यातायात आयुक्त, मंडलीय आयुक्त और आईजी की एक समिति को 24 घंटे के भीतर इसकी जांच करने का आदेश दिया है। यह समिति दुर्घटना के कारणों के बारे में रिपोर्ट देगी और इस तरह की घटना से भविष्य में बचने के लिए भी उठाए जाने वाले कदमों की सिफारिश करेगी।

पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जताया दुःख

इस दुर्घटना पर पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दुःख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि इस घटना में मृतक के परिजनों के साथ गहरी संवेदना। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। राज्य और स्थानीय प्रशासन हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।



रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि राज्य भाजपा के महासचिव पंकज सिंह घटनास्थल पर गए हुए हैं। उन्होंने लिखा, "मैं घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को घटनास्थल पर भेजा है।"







'नाले में पानी होने की वजह से हो रही बचाव कार्य में देरी'

उत्तर प्रदेश पुलिस ने ट्विटर पर लिथा, "लखनऊ से दिल्ली जा रही स्लीपर कोच यात्री बस यमुना एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस एत्मादपुर के पास यमुना एक्सप्रेसवे के नीचे बहते नाले में गिर गई। पानी भरे होने की वजह से राहत कार्य में मुश्किल आ रही है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य करने का निर्देश दिया है और वह स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।"







अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोडवेज के अवध डिपो की जनरथ बस लखनऊ से दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डा जा रही थी। घायलों को श्री कृष्ण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से नौ की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में कोई भी व्यक्ति आगरा का नहीं है, सभी प्रदेश के अन्य जिलों के निवासी हैं।





Tags:
  • yamuna expressway speed limit
  • bus accident
  • story

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.