रायसेन के कृषि मेले में दिखा बिना ड्राइवर के चलने वाला ट्रैक्टर, खुद से घूमती है स्टीयरिंग, कृषि मंत्री ने शेयर किया वीडियो

Gaon Connection | Apr 14, 2026, 13:22 IST
Share
रायसेन में तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव संपन्न हुआ। इसमें बिना ड्राइवर के चलने वाले ट्रैक्टर जैसी हाईटेक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन हुआ। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इसका वीडियो साझा किया। मेले में 300 स्टॉल लगे और किसानों को नई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य खेती के हर चरण में समाधान उपलब्ध कराना था।
बिना ड्राइवर के चलने वाला ट्रैक्टर सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा
बिना ड्राइवर के चलने वाला ट्रैक्टर सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा
मध्य प्रदेश के रायसेन में 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ में इस बार हाईटेक कृषि तकनीकों का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। मेले में कई आधुनिक कृषि यंत्र प्रदर्शित किए गए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा बिना ड्राइवर के चलने वाले ट्रैक्टर ने बटोरी। इस अनोखे ट्रैक्टर का वीडियो केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी शेयर किया है।

क्या बोले मंत्री

वीडियो में दिख रहा है कि ट्रैक्टर बिना किसी चालक के स्वतः निर्धारित दिशा में चल रहा है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसके बारे में बताते हुए कहा कि यह ट्रैक्टर पहले से सेट कर देने पर अपने आप खेत में घूमता रहता है और तय समय तक लगातार काम करता है। उन्होंने कहा कि मैकेनाइजेशन खेती को तेजी से बदल रहा है और इसे अधिक लाभकारी बना रहा है।




300 स्टॉल और मल्टी-सेक्टर प्रदर्शनी का आयोजन

यह तीन दिवसीय कृषि मेला केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर आयोजित किया गया, जिसमें करीब 300 स्टॉल लगाए गए। इस मल्टी-सेक्टर प्रदर्शनी में कृषि, बागवानी, माइक्रो इरिगेशन, कृषि यंत्र, उर्वरक, बीज, कीटनाशक, डिजिटल एग्रीकल्चर, फसल बीमा, ICAR, कृषि विश्वविद्यालय, केवीके, पशुपालन, मत्स्य पालन, ग्रामीण विकास, फूड प्रोसेसिंग, MSME, NAFED, एफपीओ और स्टार्टअप्स ने भाग लिया।

नई तकनीकों का लाइव प्रदर्शन और प्रशिक्षण

मेले के दौरान किसानों के लिए विभिन्न हॉल में लगातार सेमिनार और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। इनमें पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट, दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने, मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक खेती, कीट प्रबंधन, बीज प्रणाली, फसल बीमा और AI आधारित डिजिटल कृषि जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।

साथ ही, खेतों में लाइव डेमो के जरिए ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई, फर्टिगेशन, स्मार्ट फार्मिंग, टिशू कल्चर पौधे, ड्रोन स्प्रेइंग, रीपर-बाइंडर, हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, बेलर और रोटावेटर जैसी आधुनिक मशीनों का प्रदर्शन किया गया। किसानों को इन तकनीकों की हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग भी दी गई।

किसानों के लिए एक ही जगह समाधान

कृषि मंत्री ने था कि इस मेले का उद्देश्य किसानों को खेती के हर चरण—इनपुट से लेकर प्रोसेसिंग और मार्केटिंग तक—एक ही जगह समाधान उपलब्ध कराना है। तीन दिनों तक चले इस भव्य कृषि महोत्सव का समापन अब हो चुका है, लेकिन इसमें प्रदर्शित आधुनिक तकनीकों और नवाचारों ने किसानों को नई दिशा और उम्मीद दी है।
Tags:
  • Driverless Tractor
  • बिना ड्राइवर के ट्रैक्टर
  • High-Tech Agriculture
  • उन्नत कृषि महोत्सव रायसेन
  • Advanced Farming Techniques
  • shivraj singh chauhan video tractor
  • smart farming technology india
  • krishi yantra exhibition
  • digital agriculture india
  • ai farming technology