अमेरिका में हिलेरी की उम्मीदवारी पक्की, जबरौली में जश्न

गाँव कनेक्शन | Sep 16, 2016, 16:29 IST
Share
India
अमेरिका में हिलेरी की उम्मीदवारी पक्की
लखनऊ। संयुक्त राज्य अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी के लिए राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए चुनी गईं हिलेरी क्लिंटन को लखनऊ के एक गाँव में समर्थक मिल गए हैं। मोहनलालगंज के जबरौली गाँव को बिल क्लिंटन फाउंडेशन ने गोद लिया था। इसलिए वहां के लोग अब इस बात की खुशियां मना रहे हैं। यहां दो दिन से जश्न जारी है। तस्वीर पर फूल चढ़ाए जा रहे हैं। आरती उतारी जा रही है।

करीब दो वर्ष पहले यहां हिलेरी क्लिंटन आई भी थीं। उनके फाउंडेशन ने इस गाँव को गोद भी लिया था। जबरौली गाँव के निवासी BJP के पूर्व प्रदेश मंत्री वीरेन्द्र तिवारी ने भी गाँव के नागरिकों के साथ बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन के चित्र पर रोली टीका करते हुए हवन, पूजन, लड्डू मिष्ठान वितरण किया। लोगों ने अपनी खुशियां जाहिर कीं।

इस अवसर पर वीरेंद्र तिवारी ने गाँव के नागरिकों के साथ खुशियां जाहिर करते हुए कहा हिलेरी क्लिंटन अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनेंगी। ग्रामप्रधान रमेश चंद्र गौड़, पूर्व प्रधान राजेश सैनी, दुर्गेश सिंह, नन्द किशोर, राजू चौहान, उमेश तिवारी, अरविन्द, शिवकांत त्रिपाठी, भगवान देई, मीना कुमारी, रजनी तिवारी, पुष्पलाता सैनी, जयकरन गौड़, रामधार रावत सहित उपस्थित ग्रामवासियों ने पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के साथ-साथ हिलेरी क्लिंटन को राष्ट्रपति चुने जाने के बाद अपने गाँव जबरौली आने का निमंत्रण भी दिया।

स्वयं प्रोजेक्ट डेस्क

Tags:
  • India