BPSC TRE-4 को लेकर पटना में छात्रों का हंगामा, बैरिकेडिंग तोड़ी, वाटर कैनन के बाद लाठीचार्ज
Abhishek Pandey | Aug 26, 2026, 12:58 IST
पटना के गर्दनीबाग में BPSC TRE-4 की परीक्षा को लेकर छात्रों का आंदोलन मंगलवार को उग्र हो गया। छात्र PT-मेन व्यवस्था, निगेटिव मार्किंग हटाने और 100% डोमिसाइल की माँग कर रहे हैं। CM आवास के घेराव के लिए निकले छात्रों ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़ी। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद झड़प और लाठीचार्ज की स्थिति बनी।
BPSC Protest
पटना के गर्दनीबाग में BPSC TRE-4 को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। छात्र PT और मेन्स की व्यवस्था, निगेटिव मार्किंग हटाने और 100% डोमिसाइल की माँग कर रहे हैं। छात्र 18 अगस्त से धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी माँगें नहीं मानी जातीं, तब तक वे धरने से नहीं हटेंगे।
मंगलवार शाम LJP (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान भी छात्रों से मिलने गर्दनीबाग पहुँचे। उन्होंने छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में धरने पर बैठे छात्रों से बात की। इस दौरान छात्रों ने अपनी माँगों से जुड़ा ज्ञापन चिराग पासवान को सौंपा और उनसे इसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तक पहुँचाने की अपील की। छात्रों से मुलाक़ात के बाद चिराग पासवान मुख्यमंत्री से मिलने पहुँचे और उन्हें छात्रों की तरफ़ से दिया गया ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार को ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन यानी ABSU के छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए सड़क पर उतर गए। छात्रों को रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर पुलिस के साथ CRPF के जवानों को भी तैनात किया गया था। हालांकि, प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गए और डाकबंगला चौराहे तक पहुँच गए। यहाँ पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हुई।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज़ बौछार के बीच कुछ छात्र शैम्पू लगाकर नहाते हुए भी दिखाई दिए। इसके बाद प्रदर्शन का माहौल और गर्म हो गया। कुछ छात्रों की पुलिसकर्मियों के साथ झड़प भी हुई।
पुलिस के मुताबिक़, कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की तरफ़ पत्थर फेंके। इसमें टाउन DSP कामाख्या नारायण सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। कई छात्रों को दौड़ाकर पीटने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।
झड़प के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई, जबकि एक छात्रा के बेहोश होने की बात कही गई है। प्रदर्शन के दौरान दोनों तरफ़ से कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
हालात बिगड़ने के बाद प्रदर्शन वाली जगह पर अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाए गए। इसके साथ ही एक बख़्तरबंद गाड़ी भी मौके पर पहुँचाई गई। ऐसी गाड़ियों का इस्तेमाल आम तौर पर संवेदनशील और नक्सल प्रभावित इलाक़ों में सुरक्षा अभियानों के दौरान किया जाता है।
BPSC TRE-4 को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मुख्य माँग है कि PT और मेन्स की व्यवस्था में बदलाव किया जाए, निगेटिव मार्किंग खत्म की जाए और भर्ती में 100% डोमिसाइल लागू किया जाए। छात्रों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी माँगों पर कोई ठोस फ़ैसला नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।