Weather update: बदल रहा मौसम का मिज़ाज, अगले हफ्ते बारिश की तैयारी
Gaon Connection | Feb 14, 2026, 09:57 IST
उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने की तैयारी कर रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 16 फरवरी से प्रदेश के कुछ हिस्सों में काले बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में ठंड का असर कम हो रहा है और दिन में गर्मी का अहसास बढ़ रहा है।
Image Feb 14, 2026, 09_55_00 AM
मौसम विभाग ने शुक्रवार को जानकारी दी कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 16 फरवरी 2026 से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाला है। इसके कारण 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी राजस्थान में बिजली चमकने और गरज के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश में 17 और 18 फरवरी को कुछ क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों के दौरान प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों तक कोई खास बदलाव नहीं रहेगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि हवा में नमी 44 प्रतिशत दर्ज की गई।
शनिवार 14 फरवरी को लखनऊ में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रयागराज में भी मौसम साफ रहा और तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। शहर में दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहा। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा। बांदा जिले में तापमान सबसे ज्यादा रहा, जहां पारा 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। उरई में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश का मौसम धीरे-धीरे गर्म दिनों की ओर बढ़ रहा है। इसी वजह से दिन के तापमान में आंशिक वृद्धि हो रही है जो आगे भी जारी रहेगी। मौसम में ठंड का असर अब काफी कम हो गया है और लोग दिन में गर्म कपड़े पहनने से परहेज कर रहे हैं। सुबह और शाम में भी हल्के गर्म कपड़ों से काम चल रहा है। पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदल रहा है। हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर शनिवार की सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में 17-18 फरवरी को बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि 17-18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम में अस्थायी बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने का क्रम जारी रहेगा और मौसम गर्मी की ओर बढ़ता रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतें। किसानों को भी खेती के कामों में मौसम का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
तापमान में लगातार हो रही है बढ़ोतरी
शनिवार 14 फरवरी को लखनऊ में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रयागराज में भी मौसम साफ रहा और तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। शहर में दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहा। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा। बांदा जिले में तापमान सबसे ज्यादा रहा, जहां पारा 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। उरई में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया।