Dairy Expo 2026 : डेयरी में उन्नत तकनीक और पशु की देखभाल की पूरी जानकारी, किसानों और देश-विदेश कंपनियों का संगम
Preeti Nahar | Feb 11, 2026, 18:55 IST
दिल्ली में 12-14 फरवरी को होने वाले डेयरी एक्सपो में उन्नत तकनीक और डेयरी में इनोवेशन की जानकारी के लिए देश-विदेश से 200 से अधिक कंपनियां और शामिल हो रही हैं। भारत दुनिया में सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है।
Dairy Expo की ख़ास बातें
अगर आप दूध से संबंधित किसी प्रकार का कोई बिज़नेस करना चाहते या फिर डेयरी सेक्टर में क्या कुछ नई तकनीक मार्केट में आ रही है, इसके बारे में जानना चाहते हैं, तो Dairy Expo आपके लिए सुनहरा अवसर है। राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाला 52वाँ डेयरी एक्स्पो 12 से 14 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा।
डेयरी एक्सपो तीन दिन तक चलेगा, यहाँ बड़े-छोटे किसान, डेयरी कारोबारी, मशीन बनाने वाली कंपनियाँ और एक्सपर्ट, एक ही जगह मिलेगे। एक्स्पो में 200 से अधिक देश-विदेश की डेयरी से जुड़ी कंपनियाँ हिस्सा लेंगी। यहाँ किसान जान सकते हैं कि दूध को सिर्फ कच्चा बेचने के बजाय उससे दही, घी, पनीर, मक्खन या फ्लेवर्ड दूध मशीनों से कैसे बनाया जा सकता है। ये मशीनें कैसे काम करती हैं, कितना खर्चा आता है और ये कैसे खरीद सकते हैं, ये सब जानकारियाँ किसान ले सकते हैं।
एक्स्पों में मशीन बनाने वाले से सीधा संपर्क किया जा सकता है। आपको जानकारी मिलती है कि कोई मशीन कितने खर्च में लगती है और कितना मुनाफ़ा दे सकती है। बिज़नेस से संबंधित ये सभी जानकारी सीधे समझ सकते हैं। किसानों को मशीन के संचालन के बारे में भी पूरी जानकारी दी जाती है। हाउसिंग, मिल्किंग और हाउसिंग मशीन, कैटल फीडिंग प्लांट, मैन्यूर ट्रीटमेंट सिस्टम, फीड-फोडर और मिनरल्स के स्टॉल भी एक्सपो में डेयरी कारोबारियों के लिए लगाए जा रहे हैं साथ ही किसान मशीन चलाकर भी देख सकते हैं और संचालन से संबंधित सवाल डायरेक्ट मशीन संचालक से पूछ सकते हैं। एनिमल
इस तरह के किसी भी एक्स्पो में ऐसी तकनीकों के बारे में बताया जाता है जिससे दूध की तुरंत जाँच हो जाती है। ख़राब दूध अलग हो जाता है और अच्छी क्वालिटी का दूध आपको मिल पाए जो सही दाम पर बिके। इससे किसान को मिलावटी दूध की समस्या से छुटकारा मिल जाता है। साथ ही नई तकनीकों के माध्यम से पैकिंग और ब्रांडिग की जानकारी भी मिल सकती है। ऐसी नई तकनीक सीख कर किसान अपने इलाके में अपना खु़द का बिज़नेस शुरू कर सकता है।
एक्स्पो में ऐसे कई उदाहरण मिलते हैं जहाँ गाँव के लोगों ने 5 से 10 लीटर दूध से शुरूआत में अपना छोटा ब्राँड बनाया, जो सफल बिज़नेस में तब्दील हुआ। ऐसे दूध व्यापारियों से किसान आइडिया ले सकता है कि वह अकेले या 2-3 लोग मिलकर कैसे अपना डेयरी का बिज़नेस शुरू कर सकता है। डेयरी एक्सपो ऐसी जगह है जहाँ किसान देख-समझकर सीख सकता है कि दूध से कमाई कैसे बढ़ाई जाए। इस तरह के कार्यक्रम ग्रामीण किसानों को बेहतर तकनीक सीखने, नए उत्पाद और पैकेजिंग जानने,अपने उत्पाद की कीमत बढ़ाने और स्थानीय ब्रांड तक पहुँच बनाने में मदद करते हैं।
Dairy Expo में शामिल होने के लिए आपको किसी बड़ी कंपनी का हिस्सा होना जरूरी नहीं है। आम किसान भी यहाँ आ सकता है। तीन दिन के लिए आयोजित होने वाला Dairy Expo दिल्ली के प्रगति मैदान पर होगा। अगर आपके इलाके में कोई किसान संगठन हैं या फिर सहकारी समतियाँ है या फिर दूध समिति है, तो वहाँ से इस एक्स्पो के बारे में पूरी जानकारी मिल जाती है।